यूपी चुनाव 2027: सभी 403 सीटों पर दूसरे राज्यों की महिला कार्यकर्ता उतारेगी बीजेपी, लखनऊ में शुक्रवार को कार्यशाला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए नई रणनीति तैयार की है। पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर दूसरे राज्यों से आने वाली प्रवासी महिला कार्यकर्ताओं को तैनात करने जा रही है।
ये महिला कार्यकर्ता महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित उन राज्यों से बुलाई जाएंगी, जहां उत्तर प्रदेश के लोगों की अच्छी आबादी है। भाजपा इससे पहले प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुरुष विस्तारकों की तैनाती कर चुकी है।
चुनाव तक आवंटित क्षेत्रों में रहकर करेंगी प्रचार
पार्टी की योजना के मुताबिक, महिला मोर्चा के जरिए इन प्रवासी कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा। ये महिलाएं अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव तक रहेंगी।
उनकी जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ महिला मतदाताओं से सीधा संपर्क साधने की होगी। प्रवासी कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिला वोटरों से संवाद करेंगी और पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देंगी।
संगठन महामंत्री ने महिला मोर्चा के साथ की बैठक
अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा और उनकी टीम के साथ बैठक की। बैठक में प्रवासी महिला कार्यकर्ताओं की तैनाती और उनकी भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
लखनऊ के विश्वैसरैया भवन में शुक्रवार को कार्यशाला
इस अभियान की औपचारिक शुरुआत के लिए शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के विश्वैसरैया भवन में प्रवासी महिला कार्यकर्ताओं की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा शामिल होंगी।
बैठक में सभी प्रवासी महिलाओं को चुनावी रणनीति और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला के बाद ये कार्यकर्ता अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर मोर्चा संभालेंगी।
