गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान किशोर की मौत मामले में 6 नामजद और 50-60 अज्ञात पर FIR, JCB भी कब्जे में

Akhilesh-Yadav-4

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए (PDA) रथ यात्रा के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गोरखपुर एम्स थाना पुलिस ने छह लोगों को नामजद करने के साथ 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह कार्रवाई मृतक किशोर आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत की तहरीर पर की गई है। हादसे के बाद से ही पीड़ित परिवार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ता दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

बहन को लेने सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा

रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार (18 नवंबर) को गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा के स्वागत के दौरान जेसीबी (JCB) से फूल बरसाए जा रहे थे।

इसी बीच 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत जेसीबी की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि हादसे के वक्त किशोर अपनी बहन को लेने के लिए सड़क पार कर रहा था।

पिता की शिकायत पर केस दर्ज, JCB कब्जे में

मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत ने पुलिस को दी शिकायत में हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उनकी तहरीर के आधार पर एम्स थाना पुलिस ने छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को भी कब्जे में ले लिया है और घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद विरोध प्रदर्शन और सियासी रंग

हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। किशोर की मौत से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और अखिलेश यादव व रैली के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि मृतक किशोर के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत भाजपा से जुड़े हैं, जिससे इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तनाव भी बढ़ गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।