यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी की मां विमला देवी का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की मां विमला देवी का आज सुबह निधन हो गया है। वह 85 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज प्रयागराज के नाजरेथ अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मंत्री नंद गोपाल नंदी ने इस दुखद समाचार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा किया।
अपनी मां को याद करते हुए नंद गोपाल नंदी ने भावुक पोस्ट में लिखा, “आज माँ की छाया सर से दूर हो गयी। पिताजी के जाने के बाद माँ ने ही परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का संबल थी। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी थी… मम्मी।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त की संवेदनाएं
कैबिनेट मंत्री की माता के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना जताते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ जी की पूज्य माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”
दिग्गज नेताओं और शुभचिंतकों में शोक की लहर
विमला देवी के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
परिवार और करीबी लोगों का प्रयागराज पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है, और मंत्री नंद गोपाल नंदी भी अपने अन्य कार्यक्रम छोड़कर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। उनके निधन के बाद से परिजनों में शोक का माहौल है।
