चारधाम यात्रा 2026: इस साल 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, तीर्थयात्रियों की संख्या के साथ मौतों के आंकड़े भी बढ़े

charodham

उत्तराखंड के देहरादून स्थित गैर-लाभकारी संगठन ‘एसडीसी फाउंडेशन’ (SDC Foundation) ने चारधाम यात्रा 2026 के आंकड़े जारी किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में चार धाम और हेमकुंड साहिब आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 29 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, इसके साथ ही यात्रा के दौरान होने वाली मौतों के आंकड़ों में भी 63 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है।

65.65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती द्वारा संकलित किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल कुल 65,65,197 तीर्थयात्रियों ने बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब के दर्शन किए। जबकि पिछले साल यानी 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। इस तरह एक साल में कुल 14,57,851 तीर्थयात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई है।

किस धाम में पहुंचे कितने तीर्थयात्री?

इन पांचों पवित्र तीर्थस्थलों में सबसे अधिक संख्या बद्रीनाथ धाम में दर्ज की गई:

  • बद्रीनाथ धाम: 23,49,345 (सबसे अधिक तीर्थयात्री)

  • केदारनाथ धाम: 19,33,138

  • गंगोत्री धाम: 10,07,177

  • यमुनोत्री धाम: 8,84,841

  • हेमकुंड साहिब: 3,90,696

बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में सबसे ज्यादा इजाफा

राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, सभी तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, लेकिन वृद्धि दर अलग-अलग रही है। बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में सबसे अधिक 42-42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद यमुनोत्री में 37 प्रतिशत और गंगोत्री में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं, केदारनाथ धाम में सबसे कम 9 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।

मौतों के आंकड़ों में भी 63 प्रतिशत की बढ़ोतरी

तीर्थयात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ-साथ यात्रा के दौरान होने वाली मौतों के आंकड़े भी चिंताजनक रूप से बढ़े हैं। साल 2025 में यात्रा के दौरान 182 तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 297 हो गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से अधिकांश मौतें स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक कारणों (जैसे कार्डियक अरेस्ट या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं) से हुईं। प्राकृतिक कारणों से होने वाली मौतें 159 से बढ़कर 288 हो गईं, यानी इस श्रेणी में 81 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।