15 लाख का इनामी लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, वीडियो कॉल पर सरेंडर से किया था इनकार

jk

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। यह मुठभेड़ देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर इलाके की घेराबंदी की थी।

ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद में छिपा हुआ था। हालात को देखते हुए सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया और आत्मसमर्पण (Surrender) करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। मारे गए आतंकी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

कौन था 15 लाख का इनामी लतीफ भट?

लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का एक बेहद चालाक और खूंखार आतंकी था। वह जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में छोटे-छोटे हमले (Hit and Run) करने में माहिर था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह स्थानीय लोगों के बीच इस तरह घुल-मिल जाता था कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए उसे ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था।

मूल रूप से कुलगाम के ख्रेवन चादर गांव का रहने वाला लतीफ नवंबर 2020 में अपना घर-परिवार छोड़कर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था।

प्रवासी मजदूरों और पुलिसकर्मियों की हत्या में था वांटेड

लतीफ भट कश्मीर घाटी में कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड और भागीदार रहा है। उस पर मुख्य रूप से ये गंभीर मामले दर्ज थे:

  • प्रवासी मजदूरों की हत्या: वह घाटी में काम करने आए निर्दोष प्रवासी मजदूरों की टारगेट किलिंग में शामिल रहा था।

  • पुलिस अधिकारियों की शहादत: किश्तवाड़ जिले में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या के पीछे भी लतीफ का हाथ था। ये अधिकारी ड्यूटी के बाद लौट रहे थे, जब उन्हें निशाना बनाया गया।

  • TRF के जरिए आतंकी गतिविधियां: लतीफ, लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के बैनर तले भी वारदातों को अंजाम देता था। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंसी ISI लतीफ की मदद से अपना लोकल नेटवर्क मजबूत करने में जुटी हुई थी।

हाल ही में CRPF जवानों पर किया था हमला

लतीफ भट हाल ही में हुए एक बड़े हमले में भी शामिल था। इसी साल 11 नवंबर को कुलगाम जिले के नौपोरा अखरान इलाके में बाइक सवार आतंकियों ने CRPF के नाके पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस कायरतापूर्ण हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। सुरक्षाबलों को जांच में पता चला था कि इस हमले के पीछे भी लतीफ भट का ही हाथ था।

मस्जिद में छिपे इस टॉप कमांडर के मारे जाने को जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।