यूपी चुनाव 2027: अयोध्या के बाद मथुरा पर बीजेपी का फोकस, अखिलेश के PDA को हिंदुत्व से जवाब

yogi

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी रणनीति के संकेत दे दिए हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब पार्टी का फोकस भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा पर शिफ्ट होता दिख रहा है। मथुरा में चल रहे बीजेपी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में इस नई रणनीति के स्पष्ट संकेत मिले हैं।

‘अभी सिर्फ राम मंदिर का काम हुआ है’

चिंतन शिविर के पहले दिन बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में पार्टी के एजेंडे को लेकर अहम इशारा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रमुख मुद्दों में से यूपी में अभी सिर्फ राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण का काम ही पूरा हुआ है। उनका साफ कहना था कि पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अभी काम होना बाकी है, जिसे सीधे तौर पर मथुरा और काशी से जोड़कर देखा जा रहा है।

डिप्टी सीएम मौर्य का अखिलेश पर निशाना

संगठन महामंत्री से पहले राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मथुरा के मुद्दे को प्रमुखता से उठा चुके हैं। मौर्य ने स्पष्ट तौर पर कहा था, “अयोध्या तो हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है।”

राजनीतिक खींचतान को और बढ़ाते हुए डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना भी साधा। दरअसल, बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के एक बयान के बाद अखिलेश यादव लगातार ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ को धार देते हुए भगवान कृष्ण को अपना आराध्य देव बता रहे थे। इसी पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने अखिलेश को कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के लिए ‘कार सेवा’ करने का न्योता दे डाला।

PDA बनाम हिंदुत्व और विकास

सूत्रों के मुताबिक, चिंतन शिविर में अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की काट भी तलाशी गई। भाजपा ने तय किया है कि विपक्ष के जातीय समीकरणों का जवाब ‘हिंदुत्व और विकास’ के एजेंडे से दिया जाएगा। बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि पिछले एक दशक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, सुशासन और विकास कार्यों को जनता के बीच आक्रामक तरीके से रखा जाएगा।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर भी मंथन

चुनाव जीतने के समीकरणों के साथ-साथ पार्टी के अंदरूनी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कई नेताओं ने बैठक में कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा उठाया। उन्होंने चिंता जताई कि अगर समय रहते कार्यकर्ताओं की शिकायतों को दूर नहीं किया गया, तो आगामी चुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जमीनी स्तर पर माहौल बीजेपी के अनुकूल है, लेकिन विरोधियों के नैरेटिव को ध्वस्त करने के लिए चुनाव में नए तेवर और कलेवर की जरूरत होगी।