यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर की जुगलबंदी से बढ़ेगी सपा की टेंशन? 2022 के आंकड़े दे रहे खतरे का संकेत
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी समीकरण बनने-बिगड़ने लगे हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की ‘आजाद समाज पार्टी’ (कांशीराम) के बीच गठबंधन की संभावनाओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) की पेशानी पर बल ला दिया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भले ही AIMIM एक भी सीट न जीत पाई हो, लेकिन कई सीटों पर उसके द्वारा हासिल किए गए वोटों ने सपा की हार में बड़ी भूमिका निभाई थी। मुस्लिम-दलित वोट बैंक में सेंधमारी की यह आहट अखिलेश यादव के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।
मुस्लिम बहुल इलाकों में बीजेपी का दबदबा
यूपी में मुस्लिम आबादी करीब 20 फीसदी है। प्रदेश के 14 ऐसे जिले हैं, जहां यह आबादी 30 फीसदी से अधिक है। इन 14 जिलों में कुल 75 विधानसभा सीटें आती हैं। 2022 के चुनावों पर नजर डालें तो इन मुस्लिम बहुल सीटों पर भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया था। इन 75 में से सबसे ज्यादा 38 सीटें बीजेपी ने जीती थीं, जबकि सपा को 30 सीटों से संतोष करना पड़ा था। इसके अलावा आरएलडी (RLD) को 6 और अपना दल (सोनेलाल) को एक सीट मिली थी। ये आंकड़े बताते हैं कि सपा अपने इस कोर वोट बैंक को पूरी तरह सहेजने में कामयाब नहीं रही थी।
2022 में AIMIM का प्रदर्शन: एक भी जीत नहीं, लेकिन 4.51 लाख वोट
असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने 2022 में यूपी की 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया और सभी 95 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। लेकिन, पूरे प्रदेश में पार्टी को 4,50,929 वोट (करीब 0.49 फीसदी) हासिल हुए।
सबसे अहम बात यह रही कि 15 सीटें ऐसी थीं, जहां AIMIM को मिले वोटों की संख्या समाजवादी पार्टी की हार के अंतर से ज्यादा थी। यानी अगर ओवैसी की पार्टी मैदान में न होती, तो चुनावी नतीजे सपा के पक्ष में हो सकते थे।
इन सीटों पर AIMIM ने बिगाड़ा था सपा का खेल
-
कुर्सी (बाराबंकी): सपा महज 217 वोटों से हारी। यहां AIMIM को 8,541 वोट मिले थे।
-
रामनगर: सपा 261 वोटों से हारी। AIMIM के उम्मीदवार ने 4,940 वोट काटे।
-
शाहगंज: सपा की निषाद पार्टी के उम्मीदवार से हार का अंतर 719 वोट था। यहां AIMIM को 8,128 वोट हासिल हुए।
-
सुल्तानपुर: सपा 1,009 वोटों से हारी, जबकि AIMIM के खाते में 5,251 वोट गए।
-
औराई: सपा की हार का अंतर 1,647 वोट रहा और AIMIM को 2,190 वोट मिले।
-
सहारनपुर (नकुड़): सपा 315 वोटों से पिछड़ गई, वहीं AIMIM को 3,593 वोट मिले।
-
मुरादाबाद नगर: सपा 782 वोटों से हारी और AIMIM को 2,661 वोट प्राप्त हुए।
इसके अलावा हस्तिनापुर, बहराइच और पयागपुर जैसी सीटों पर भी AIMIM को हजारों की संख्या में वोट मिले थे, जिसका सीधा नुकसान सपा को उठाना पड़ा था।
2027 की चुनौती: क्या अखिलेश साध पाएंगे समीकरण?
आगामी 2027 के चुनाव में AIMIM का असर इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ती है। यदि ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी का गठबंधन मुस्लिम और दलित बहुल सीटों पर मजबूती से उम्मीदवार उतारता है, तो सपा के सामने वोटों के बंटवारे का बड़ा खतरा होगा। खासकर उन सीटों पर जहां बीजेपी और सपा के बीच कांटे की टक्कर होती है, वहां यह गठबंधन ‘वोट कटवा’ की भूमिका निभा सकता है। देखना यह होगा कि अखिलेश यादव इस नई सियासी चुनौती से निपटने के लिए अपनी रणनीति में क्या बदलाव करते हैं।
