20 हजार का लालच देकर 3 लाख में बेचे जा रहे अंडे: हैदराबाद से महाराष्ट्र तक फैला है IVF का काला बाजार
हैदराबाद के मल्काजगिरी इलाके में पिछले हफ्ते एक बड़े मानव तस्करी और अंगों की कालाबाजारी से जुड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ। अस्पताल के सफेद लिबास में चल रहे इस धंधे में 48 महिलाओं को पुलिस ने आजाद कराया। ये महिलाएं पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली और झारखंड जैसे राज्यों से लाई गई थीं। हर महिला को अंडा दान करने की एक ‘साइकिल’ के लिए 20,000 से 30,000 रुपए का लालच दिया गया था, जबकि बाजार में इन्हीं अंडों को 3 लाख रुपए प्रति साइकिल तक की कीमत पर बेचा जा रहा था।
चार स्तरों पर काम करता है यह पूरा सिंडिकेट पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह ‘फर्जी मेडिकल सप्लाई चेन’ चार अलग-अलग स्तरों पर संचालित होती है:
-
लेवल- 1 (ऑर्गनाइजर): इस ऑपरेशन का CEO, जो पूरे नेटवर्क को कंट्रोल करता है। हैदराबाद मामले में मुख्य ऑर्गनाइजर इंदौर का अमित शर्मा था, जो बेगमपेट में किराए के कमरों से पूरा धंधा चलाता था।
-
लेवल- 2 (रिक्रूटर): यह कड़ी महिलाओं को खोजकर लाती है। सह-ऑर्गनाइजर निकहत परवीन पश्चिम बंगाल से एजेंटों के जरिए महिलाओं को भर्ती करती थी और उनके रहने-आने का बंदोबस्त करती थी।
-
लेवल- 3 (एजेंट/इंटरमीडियरी): जमीन पर काम करने वाले लोग जो फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं। रेशमा खातून और पंकज सोनी जैसे एजेंट महिलाओं को रिक्रूटर तक पहुंचाते थे। उदयपुर में तो एजेंट ई-मित्र सेंटर्स के जरिए नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र तक बदल देते थे।
-
लेवल- 4 (मेडिकल सर्विस प्रोवाइडर): यहां महिलाओं को हार्मोनल इंजेक्शन (जैसे Humog HP और Primolut) दिए जाते हैं। हैदराबाद में 23 IVF सेंटरों के इस सिंडिकेट से जुड़े होने की बात सामने आई है।
कानून की खामियों से पनपा करोड़ों का काला बाजार भारत में फर्टिलिटी बाजार लगभग 35 अरब डॉलर का है। असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) एक्ट, 2021 के अनुसार, एक महिला जीवन में केवल एक बार बिना पैसे के लालच के अंडा दान कर सकती है। इस नियम ने लीगल सप्लाई को लगभग खत्म कर दिया, जिससे भारी मांग के चलते काला बाजार पनप गया।
प्रीमियम डोनर के लिए 2.5 लाख से 6 लाख रुपए तक वसूले जा रहे हैं। एक ही महिला से फर्जी दस्तावेज बनाकर बार-बार अंडे निकाले जाते हैं। बदलापुर (महाराष्ट्र) के एक मामले में एक महिला से 33 बार अंडे निकालने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
देशभर में फैले हैं ऐसे रैकेट हैदराबाद का मामला कोई इकलौता नहीं है। हाल के दिनों में कई राज्यों में इस तरह के सिंडिकेट पकड़े गए हैं:
-
महाराष्ट्र: फरवरी 2026 में बदलापुर पूर्व में एक रिहायशी फ्लैट से अवैध ART सेंटर पकड़ा गया। यहां महिलाओं को बिना डॉक्टरी सलाह के ओव्यूलेशन-स्टिम्युलेटिंग इंजेक्शन दिए जाते थे। जांच अब ED तक पहुंच चुकी है।
-
राजस्थान (उदयपुर): यहां 13-15 साल की नाबालिग लड़कियों के अंडे खरीदे जा रहे थे, जिनकी उम्र दस्तावेजों में 25 साल दिखाई गई थी।
-
गुजरात (अहमदाबाद): मनीषा सोलंकी नाम की महिला ने अंडों के व्यापार के साथ-साथ बच्चों की तस्करी तक का रैकेट चला रखा था।
-
दिल्ली-NCR: जून 2025 में गुरुग्राम के सुशांत लोक में एक अवैध IVF सेंटर पकड़ा गया, जिसका लिंक दिल्ली के एक निजी अस्पताल से था।
अवैध अंडे के व्यापार पर रोक न लग पाने के पीछे ART एक्ट की जमीनी हकीकत में खामी, बड़े सेंटरों की कागजी खानापूर्ति और शिकार महिलाओं की आर्थिक मजबूरी प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
