विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब पुलिस में बड़ा फेरबदल: 273 DSP और एक IPS अधिकारी का तबादला

bhagwant-maan

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पंजाब पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ के सीक्रेट सेक्शन-2 की ओर से 21 नवंबर को देर शाम जारी आदेश में 273 DSP और एक IPS अधिकारी के तबादले तथा नई तैनाती की सूची जारी की गई है।

पुलिस स्थापना समिति की मंजूरी के बाद प्रशासनिक आधार पर ये तबादले किए गए हैं। आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने और 22 नवंबर 2026 की दोपहर तक नई तैनाती वाली जगह पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कार्यभार संभालने और पुरानी जिम्मेदारी छोड़ने से जुड़ी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजने को कहा गया है।

2024 बैच के IPS पारस गर्ग को अमृतसर में तैनाती

तबादला सूची में एक IPS अधिकारी का नाम भी शामिल है। 2024 बैच के IPS अधिकारी पारस गर्ग को हैदराबाद स्थित नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) में बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अमृतसर में ASP SD सेंट्रल की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा सूची में कई ऐसे अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें DSP पद पर प्रमोशन के बाद विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में नई तैनाती मिली है।

साइबर क्राइम, नारकोटिक्स और इंटेलिजेंस विंग में बदलाव

नए आदेश में जिला स्तर के साथ-साथ क्राइम ब्रांच, साइबर क्राइम, इंटेलिजेंस और नारकोटिक्स से जुड़ी विशेष इकाइयों में भी अधिकारियों की अदला-बदली की गई है:

  • अमरबीर सिंह को जालंधर से स्थानांतरित कर SAS नगर में DSP साइबर क्राइम एंड फॉरेंसिक्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

  • गोल्डी विरदी को रोपड़ रेंज में DSP ANTF के पद पर भेजा गया है।

  • कई अधिकारियों को PBI NDPS-cum-Narcotics, स्पेशल क्राइम, काउंटर इंटेलिजेंस, इंटेलिजेंस विंग और महिला व बच्चों के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों की जांच करने वाली इकाइयों में तैनात किया गया है।

लुधियाना, अमृतसर और पटियाला समेत कई जिलों पर असर

इस फेरबदल का असर लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोगा, संगरूर, फाजिल्का और SAS नगर समेत कई जिलों में दिखेगा। लुधियाना में ट्रैफिक, डिटेक्टिव और अन्य पुलिस इकाइयों में बदलाव किया गया है, जबकि अमृतसर में डिटेक्टिव, सिक्योरिटी और विशेष अपराध इकाइयों में नई तैनाती की गई है। पटियाला और बठिंडा में भी कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।

आदेश में इन तबादलों की वजह प्रशासनिक आधार बताई गई है और चुनाव को इसका आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।