‘मोदी जी ने बचा लिया’, सोना सस्ता होने के बाद व्यापारियों ने क्यों जताया आभार?

PM-Modi-26

सोने की कीमतों में गिरावट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आभार जताया है। संगठन ने अपने पत्र में कहा कि कुछ समय पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को सोने की खरीदारी से बचने की सलाह दी थी, जिसका उस वक्त विरोध भी हुआ था, लेकिन अब साबित हो गया है कि इस सलाह ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया।

इससे पहले शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उन्होंने एक साल पहले देशवासियों से कम सोना खरीदने का आग्रह किया था। उनके मुताबिक, लोगों ने यह बात मानी और कम सोना खरीदा, जिससे उनके पैसे बच गए।

प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट का दावा

CTI ने अपने पत्र में कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था, जो अब गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया है। संगठन के अनुसार, इस तरह प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।

संगठन ने कहा कि यदि व्यापारियों ने उस समय इस सलाह को नजरअंदाज कर सोना खरीदा होता, तो उन्हें प्रति किलो पर 65 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ता और लाखों ज्वैलर्स कर्ज में डूब जाते।

पत्र में CTI ने रखे ये पांच प्रमुख बिंदु

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में पांच बिंदुओं के जरिए बाजार की स्थिति बताई:

  1. ज्वैलरी कारोबारियों के स्टॉक पर असर: देशभर के लाखों ज्वैलरी कारोबारी कई महीनों का स्टॉक रखते हैं। यदि उन्होंने 1.90 करोड़ रुपये के भाव पर स्टॉक खरीदा होता, तो आज वे करोड़ों रुपये के घाटे में होते।

  2. छोटे ट्रेडर्स और निवेशकों को राहत: ऑनलाइन और ऑफलाइन सोने का व्यापार करने वाले लाखों छोटे ट्रेडर्स तथा शेयर बाजार के निवेशक भी बड़े नुकसान से बच गए। संगठन के मुताबिक, व्यापारियों के ग्रुपों में लगातार यह संदेश साझा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की सलाह ने उन्हें बचा लिया।

  3. विरोध के बाद बदली राय: CTI का कहना है कि जिस सलाह का उस समय विरोध किया गया था, आज वही ज्वैलर्स और व्यापारी मान रहे हैं कि प्रधानमंत्री सही थे।

  4. शादी के सीजन में ग्राहकों को फायदा: पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में शादी का सीजन चल रहा है और 52 लाख शादियों वाले इस सीजन में सोना सस्ता होने से आम ग्राहकों और परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

  5. भविष्य में मार्गदर्शन का आग्रह: संगठन ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि सोने-चांदी जैसे संवेदनशील बाजार पर सरकार आगे भी समय-समय पर व्यापारियों को मार्गदर्शन देती रहे, ताकि बाजार को सट्टेबाजों और जमाखोरों से बचाया जा सके।