गैस चेंबर बना उत्तर भारत! दिल्ली-NCR में दमघोंटू हवा, हरियाणा के रोहतक में AQI 942 के रिकॉर्ड स्तर पर

delhi

देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) और आस-पास के इलाकों (NCR) में लोगों को जहरीले स्मॉग और प्रदूषण (Air Pollution) से राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिवाली के बाद से बिगड़ी आबोहवा अब भी अत्यंत गंभीर श्रेणी में बनी हुई है और लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं।

हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के मुकाबले एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के स्तर में मामूली गिरावट आई है, लेकिन हालात अब भी डरावने हैं। दूसरी तरफ, हरियाणा (Haryana) और राजस्थान (Rajasthan) के कई शहरों में हवा का स्तर दिल्ली से भी कई गुना ज्यादा खतरनाक हो चुका है।

दिल्ली-NCR का दमघोंटू आंकड़ा

दिल्ली-एनसीआर के कई शहरों में हवा का स्तर ‘गंभीर’ से ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी के बीच झूल रहा है। लाइव ट्रैकिंग वेबसाइट aqi.in के अपडेट्स के मुताबिक:

  • गाजियाबाद (Ghaziabad): AQI 587

  • ग्रेटर नोएडा (Greater Noida): AQI 520

  • फरीदाबाद (Faridabad): AQI 487

  • नोएडा (Noida): AQI 478

  • नई दिल्ली (New Delhi): AQI 474

  • गुरुग्राम (Gurugram): AQI 381

दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक आंकड़ों में दिल्ली का औसत AQI 300 के आस-पास दर्ज किया जा रहा है। CPCB के अनुसार, आनंद विहार और उसके आस-पास के इलाके में सुबह 6 बजे तक एयर क्वालिटी इंडेक्स 303 था, जो ‘बहुत खराब’ (Very Poor) की श्रेणी में आता है।

रोहतक और हिसार ने तोड़े रिकॉर्ड

प्रदूषण के मामले में हरियाणा के शहरों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

  • रोहतक (Rohtak): सुबह 7.30 बजे तक रोहतक का AQI 942 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, जो देश में सबसे ज्यादा था।

  • हिसार (Hisar): इसी तरह, हरियाणा के हिसार में AQI 910 दर्ज किया गया।

ये आंकड़े हवा की अत्यंत गंभीर और जानलेवा श्रेणी को दर्शाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, इस हवा में सांस लेना बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों वाले मरीजों के लिए बेहद तकलीफदेह और खतरनाक है।

पंजाब, यूपी और राजस्थान का भी बुरा हाल

केवल दिल्ली और हरियाणा ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत के कई अन्य राज्यों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है:

  • राजस्थान: श्री गंगानगर (Sri Ganganagar) का AQI 862 दर्ज किया गया।

  • पंजाब: बठिंडा (Bathinda) का AQI 706, फरीदकोट का 617 और अमृतसर का 461 रहा।

  • मध्य प्रदेश: ग्वालियर (Gwalior) में AQI 668 के चिंताजनक स्तर पर है।

  • उत्तर प्रदेश: यूपी के हापुड़ में AQI 468 और कानपुर नगर का AQI 426 दर्ज किया गया है।

दीपावली पर बड़े पैमाने पर फोड़े गए पटाखों और पराली जलाने की घटनाओं के चलते पूरे उत्तर भारत का वातावरण प्रदूषित हो गया है। आसमान में छाई धुंध की सफेद चादर ने विजिबिलिटी (दृश्यता) कम कर दी है और लोगों को एक-एक सांस के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।