“चंदा चोरी, आस्था से धोखा…”: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़की कांग्रेस, जयराम रमेश ने BJP, RSS और VHP पर दागे तीखे सवाल
अयोध्या (Ayodhya) के राम मंदिर (Ram Mandir) में चढ़ावे और चंदे की कथित चोरी के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) को सीधे तौर पर निशाने पर लिया है।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की निगरानी में होनी चाहिए।
‘निर्माण से लेकर गिनती तक BJP-RSS के लोग’
कांग्रेस महासचिव ने अपनी पोस्ट में लिखा, “चंदा चोरी, आस्था से धोखा! अयोध्या के श्री राम मंदिर में ट्रस्ट से लेकर निर्माण, चंदा, चढ़ावे की गिनती और बैंक में जमा कराने तक, हर जगह बीजेपी, आरएसएस और विहिप के ही लोग बैठे थे। तो अब वे चढ़ावा चोरी की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते।”
जयराम रमेश ने लगाए ये 5 बड़े आरोप
जयराम रमेश ने मीडिया रिपोर्ट्स और पुराने दावों का हवाला देते हुए मंदिर ट्रस्ट और सरकार पर कई गंभीर सवाल खड़े किए:
1. 2021 में ही दी गई थी चोरी की चेतावनी: रमेश ने दावा किया कि 2021 में खुद आरएसएस से जुड़े पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह (जिन्हें ‘सेवा’ के लिए मंदिर भेजा गया था) ने चढ़ावे में हेराफेरी की शिकायत की थी। आरोप है कि उन्होंने चोरी पकड़कर चंपत राय (Champat Rai) और गोपाल राव को बताया था, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय महिपाल सिंह को ही हटा दिया गया। रमेश ने पूछा, “ऐसे में 5 साल तक चोरी में चंपत राय और गोपाल राव की भागीदारी कैसे नहीं है?”
2. 40% कमीशन का दावा: उन्होंने इंजीनियर दीनानाथ वर्मा के उन पुराने आरोपों का जिक्र किया, जिसमें ट्रस्ट ऑफिस के काम में 40% कमीशन मांगने की बात कही गई थी। रमेश ने सवाल उठाया कि जब गड़बड़ी की सूचना चंपत राय को पहले से थी, तो चार्जशीट में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव आरोपी की जगह गवाह कैसे बन गए?
3. आरोपियों के RSS-बजरंग दल से कनेक्शन: रमेश के अनुसार, मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि आरोपी अनुकल्प मिश्रा का बजरंग दल (Bajrang Dal) और RSS से जुड़ाव रहा है। गिनती स्टाफ के प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव अपने घर पर शाखा लगाते थे, जिन्हें SIT ने दानपात्र की चाबियां अनधिकृत लोगों तक पहुंचाने का जिम्मेदार माना है। वहीं, एक अन्य आरोपी टिन्नू यादव को चंपत राय का पूर्व ड्राइवर बताया गया है।
4. बिना इंटरव्यू गिनती कक्ष में भर्तियां: कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि पुजारियों की भर्ती के लिए तो विज्ञापन निकले, लेकिन जिस गिनती कक्ष में हर हफ्ते करोड़ों रुपये आते थे, वहां न विज्ञापन निकला, न इंटरव्यू हुआ। “जिन लोगों ने बंदरबांट करके अपने करीबियों को वहां बैठाया, क्या उन्हें आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए?”
5. पीएम मोदी और सीएम योगी की चुप्पी: रमेश ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) का गठन पीएम मोदी (PM Modi) ने खुद किया था। “श्रेय लेने और फोटो खिंचवाने में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सब आगे रहे, पर चढ़ावा चोरी पर वे लगातार चुप क्यों हैं?” उन्होंने SIT रिपोर्ट को जनता से छिपाने पर भी सवाल उठाए।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि इस मामले में जवाबदेही केवल गिरफ्तार किए गए आठ कर्मचारियों तक सीमित नहीं रह सकती। उन्होंने मांग की: “मंदिर के निर्माण, संचालन और चढ़ावे की पूरी व्यवस्था से जुड़े हर जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए। पूरे वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं और दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो।”
