वनटांगियों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे CM योगी, विपक्ष पर साधा निशाना: ‘अयोध्या को बदनाम करने वालों की राजनीति हमेशा के लिए हो जाएगी दफन’

CM-YOGI-11

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने रविवार (8 नवंबर) को गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया नंबर तीन स्थित वनटांगिया गांव (Vantangia Village) में वनवासियों के साथ दीपावली (Diwali) का जश्न मनाया। बतौर मुख्यमंत्री यह लगातार दसवां मौका था जब योगी आदित्यनाथ ने वनटांगियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम में भव्य दीपोत्सव का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों, खासतौर पर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) पर तीखा हमला बोला।

‘विरासत और विकास रोकने में विफल लोग अयोध्या को कर रहे बदनाम’

सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग अयोध्या की विरासत और विकास के प्रवाह को रोक पाने में विफल रहे, वे अब घबराकर अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अयोध्या के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को यह मालूम है कि विरासत और विकास की यह यात्रा अगर ऐसे ही चलती रही तो सपा और कांग्रेस की राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी।”

सीएम ने पुरानी सरकारों के दौर को याद करते हुए कहा, “2017 से पहले अयोध्या में ‘जय श्री राम’ बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था, लाठी और गोलियां चलती थीं। तब विपक्षी दलों के लोग कहते थे कि राम तो हुए ही नहीं और अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता।” उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों के कारवां को रोक नहीं पाए, आज वे ही अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं।

‘एक के लिए गांधी परिवार, दूसरे के लिए सैफई परिवार ही देश-प्रदेश है’

मुख्यमंत्री ने बिना किसी नेता का नाम लिए विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “एक के लिए गांधी-नेहरू परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही देश और प्रदेश है। लेकिन हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी वाला पूरा उत्तर प्रदेश ही हमारा परिवार है, चाहे वह किसी भी जाति, क्षेत्र, गांव या शहर का हो।”

‘नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देंगे’

सीएम योगी ने युवाओं को नशा और जुए से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खात्मे के बाद अब उनकी सरकार का अगला प्रहार नशे के सौदागरों पर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने साफ लहजे में चेतावनी दी, “जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उनको आबाद नहीं होने देंगे।” उन्होंने युवाओं से अच्छी पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार उनके रोजगार और नौकरी की गारंटी लेगी।

वनटांगियों को सुविधाओं से वंचित रखने पर कांग्रेस-सपा को घेरा

वनटांगिया समुदाय के संघर्षों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले अंग्रेजों और बाद में कांग्रेस व सपा की सरकारों ने इस समुदाय को 100 साल से अधिक समय तक जंगलों में भटकने और दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया था।

उन्होंने बताया कि 2017 से पहले यूपी में 56 वनटांगिया गांव थे, जिन्हें न सड़क मिली थी, न बिजली, न पानी और न ही राशन कार्ड। “चूंकि वनटांगिया गांवों के लोग मतदाता बनने से वंचित थे और किसी का वोट बैंक नहीं थे, इसलिए पूर्व की सरकार में उन्हें सभी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया।”

सीएम ने वनवासियों से अपने संघर्ष के इतिहास को भावी पीढ़ी को बताने का आह्वान किया और कहा कि 2017 के बाद बीजेपी सरकार ने वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव (Revenue Village) का दर्जा देकर उन्हें सभी सरकारी योजनाओं से जोड़ा है।

सीएम योगी ने दिया 82.41 करोड़ का दीपावली उपहार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को 82.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का दीपावली उपहार भी दिया। उन्होंने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के विकास, ईको टूरिज्म, और वैश्विक नगर बाजार से जुड़ी 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में सीएम योगी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टाल पर बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया।