शरद पवार की तबीयत में सुधार: पीएम मोदी ने फोन कर जाना हाल, कहा- ‘आप अपना ख्याल रखें, हम देश का ख्याल रखेंगे’
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की सेहत में अब काफी सुधार है। बुधवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
‘आप हमें गाइड करते रहें’
शरद पवार के करीबी सहयोगी विठ्ठल मणियार ने एबीपी माझा को दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत की जानकारी दी। उनके मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने 4 नवंबर की सुबह कॉल किया और पवार के स्वास्थ्य का हाल जाना। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने एनसीपी (एसपी) चीफ से कहा, “आप अपना ख्याल रखें, हम देश का ख्याल रखेंगे। आप हमें गाइड करते रहें।”
सीने में दर्द के बाद हुए थे अस्पताल में भर्ती
85 वर्षीय वरिष्ठ नेता को 2 नवंबर को सीने में दर्द और खांसी की शिकायत के बाद पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें रूबी हॉल क्लीनिक ले जाया गया था। जानकारी के मुताबिक, शरद पवार को प्लूरिटिक पेन (Pleuritic pain) की शिकायत थी। यह एक प्रकार का श्वसन संबंधी सीने का दर्द है, जो आमतौर पर व्यक्ति के सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य मानक स्थिर, डॉक्टरों की निगरानी में
अस्पताल में भर्ती होने के बाद बारामती से लोकसभा सांसद और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके स्वास्थ्य का अपडेट साझा किया था। उन्होंने बताया था कि शरद पवार की चिकित्सीय जांच में स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक स्थिर पाए गए हैं।
रूबी हॉल क्लीनिक के हृदय रोग विशेषज्ञ और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज के ग्रांट ने भी स्थिति में सुधार की पुष्टि की। स्वास्थ्य में सुधार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एहतियात के तौर पर चिकित्सीय निगरानी में रखा हुआ है।
