‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन: 100 करोड़ के पार हो सकती है रणबीर कपूर की फिल्म की ओपनिंग

ramayan

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सामने आए शुरुआती प्रेडिक्शन के मुताबिक, यह फिल्म पहले ही दिन कमाई के मामले में 100 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े के करीब पहुंच सकती है।

‘धुरंधर 2’ के बाद 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बनने की दौड़ में

एंटरटेनमेंट पोर्टल कोईमोई के प्रेडिक्शन के अनुसार, ‘रामायण’ का हिंदी वर्जन रिलीज के पहले दिन 68 से 74 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर सकता है। वहीं, साउथ मार्केट से भी फिल्म को अच्छे रिस्पॉन्स की उम्मीद है। कन्नड़ वर्जन से 10-12 करोड़ और तेलुगू से 8-10 करोड़ रुपये के कलेक्शन का अनुमान जताया गया है। मलयालम और तमिल भाषाओं से भी फिल्म करीब 5 करोड़ रुपये कमा सकती है।

इस तरह सभी भाषाओं को मिलाकर ‘रामायण’ की कुल ओपनिंग 91 से 101 करोड़ रुपये के बीच रह सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह आदित्य धर की 145 करोड़ रुपये की ओपनिंग वाली ‘धुरंधर 2’ के बाद साल 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन जाएगी।

एडवांस बुकिंग में करोड़ों का कलेक्शन

फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर सैकनिल्क के आंकड़े भी सामने आए हैं। ओपनिंग डे के लिए फिल्म अब तक 34.89 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई कर चुकी है। बिना ब्लॉक सीट के यह कलेक्शन 29.30 करोड़ रुपये बताया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एडवांस बुकिंग में ‘रामायण’ के 8.97 लाख टिकट बिक चुके हैं, जबकि बिना ब्लॉक सीट के यह आंकड़ा 7.47 लाख है। देश भर में फिल्म को 21,699 शोज मिले हैं, जिनमें से 53 शोज अभी से हाउसफुल हो चुके हैं। फिलहाल फिल्म की ऑक्यूपेंसी 18 प्रतिशत दर्ज की गई है।

40 भाषाओं में रिलीज और स्टारकास्ट

फिल्म को ग्लोबल स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने के लिए 40 भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है। हाल ही में अमेरिका में इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग भी आयोजित की गई थी। स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। ‘केजीएफ’ फेम यश रावण का रोल निभा रहे हैं, जबकि रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में हैं। रामानंद सागर की ऐतिहासिक ‘रामायण’ में भगवान राम का आइकॉनिक किरदार निभाने वाले अनुभवी अभिनेता अरुण गोविल इस नई फिल्म में राजा दशरथ के रोल में पर्दे पर दिखाई देंगे।