नेपाल: माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक विदेशी नागरिक की दर्दनाक मौत
नेपाल के ऊंचाई वाले एविएशन हब में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर घटना की जानकारी साझा की है। यह हादसा राजधानी काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर सोलुखुम्बु के फेरिचे हेलीपोर्ट पर हुआ है। घटना का एक कथित सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रोटर ब्लेड टकराने से हुआ हादसा
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) के मुताबिक, फेरिचे हेलीपैड पर फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर द्वारा संचालित हेलीकॉप्टरों के बीच यह टक्कर हुई। जब दोनों हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलीपैड के पास पहुंच रहे थे, तभी वे हवा में खतरनाक रूप से एक-दूसरे के करीब आ गए और उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी रोटर ब्लेड्स के टकराने का पल साफ तौर पर देखा जा सकता है।
विदेशी नागरिक की हुई मौत, पहचान बाकी
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नबिनराज बुढाथोकी ने जानकारी दी कि खुम्बु पासांग ल्हामु स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरते वक्त यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति एक विदेशी नागरिक है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान और राष्ट्रीयता उजागर नहीं हो सकी है। मृतक के शव को बाद में एक अन्य हेलीकॉप्टर के जरिए लुकला ले जाया गया है। इस टक्कर में घायल हुए एक और व्यक्ति को इलाज के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की जांच में जुटा उड्डयन प्राधिकरण
नेपाल के विमानन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि अधिकारी मौके से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों हेलीकॉप्टर एक ही समय पर लैंडिंग अप्रोच में कैसे आ गए।
बता दें कि नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों और पर्वतारोहियों की आवाजाही, जरूरी सामान पहुंचाने और आपातकालीन बचाव कार्यों के लिए छोटे हेलीकॉप्टरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है, जो अक्सर चुनौतीपूर्ण मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करते हैं।
