स्वामी प्रसाद मौर्य की INDIA अलायंस में एंट्री पर अखिलेश की ‘ना’, अब कांग्रेस के यूपी प्रभारी बोले- ‘ये उनकी निजी राय, हम स्वागत करते हैं’

sapa

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा INDIA गठबंधन में स्वामी प्रसाद मौर्य की एंट्री से स्पष्ट इनकार किए जाने के बाद अब इस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने अखिलेश यादव के बयान को उनकी ‘निजी राय’ करार देते हुए कहा है कि जो भी गठबंधन में आना चाहता है, उसका स्वागत है।

‘गठबंधन को मजबूत करने वालों का स्वागत’

अखिलेश यादव की दो टूक पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा, “बातचीत तो अभी शुरू ही हुई है। ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत करने की प्रक्रिया चल रही है। यह उनकी (अखिलेश) निजी राय हो सकती है, लेकिन जो कोई भी इस देश में गठबंधन को मजबूत करना चाहता है, उसका स्वागत है। जो कोई भी संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखता है, उसके लिए गठबंधन के दरवाजे खुले हैं।”

UCC के मुद्दे पर अमित शाह को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा यूपी में ‘यूनिफॉर्म सिविल कोड’ (UCC) लागू करने के बयान पर भी कांग्रेस नेता ने पलटवार किया। गौतम ने कहा, “उन्हें (बीजेपी को) अब तक किसने रोका था? वे इसे बहुत पहले ही लागू कर सकते थे। सच तो यह है कि अब वे हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं क्योंकि उनके सभी राजनीतिक हथकंडे फेल हो चुके हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “वे कब तक हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाते रहेंगे? अब तो यह मुद्दा भी काम नहीं कर रहा। योगी जी के राज्य में बच्चे अपना खून बेच रहे हैं और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, यह शर्म की बात है।”

रामलीला मैदान की रैली रोकने के आरोप

एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही INDIA गठबंधन की रैली को लेकर राजेन्द्र पाल गौतम ने बीजेपी और उसकी सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “सरकारें लोगों को इस रैली में शामिल होने से रोकने के लिए हर मुमकिन हथकंडा अपना रही हैं। पुलिस लंबी-चौड़ी चिट्ठियां भेजकर कई शर्तें थोप रही है।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि तमाम रुकावटों और 5 बजे तक रैली खत्म करने जैसी शर्तों के बावजूद यह रैली अभूतपूर्व होगी। उनके मुताबिक, लाखों लोग पूरे जोश के साथ और अपने खर्चे पर इस रैली में शामिल होने पहुंचेंगे।