‘मोदी जी को हर्षवायु हो गया था…’, नागपुर में कांग्रेस की जीत के बाद संजय राउत का PM पर तंज, महायुति को दी नसीहत
महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों ने राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मजबूत गढ़ माने जाने वाले नागपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी की जीत के बाद विपक्षी खेमा सत्ता पक्ष पर हमलावर है। शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद और मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन पर सीधा निशाना साधा है।
पीएम मोदी की खुशी और संयम पर राउत का वार
विधान परिषद चुनावों के शुरुआती रुझानों को लेकर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया पर संजय राउत ने तीखा प्रहार किया। राउत ने दावा किया कि शुरुआत में जब कांग्रेस पिछड़ रही थी, तब प्रधानमंत्री अपनी पार्टी के नुकसान को भूलकर विपक्ष की संभावित हार पर जश्न मना रहे थे।
संजय राउत ने कहा, “कल मोदी जी बहुत खुश हो गए थे। उन्हें तो जैसे हर्षवायु हो गया था। अपनी सीटें चली गईं इसका दुख कम और इस बात की खुशी ज्यादा थी कि कांग्रेस को सीटें नहीं मिलीं।” राउत ने इसके आगे नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति में हमेशा संयम रखना जरूरी होता है।
‘बीजेपी और महायुति को है आत्मचिंतन की जरूरत’
शिवसेना (UBT) सांसद ने नागपुर, पुणे और मराठवाड़ा जैसी अहम सीटों पर सत्ता पक्ष को मिली हार का जिक्र करते हुए गठबंधन की रणनीति पर सवाल उठाए। राउत के मुताबिक, महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के अंतिम नतीजों के बाद बीजेपी और पूरी महायुति को गहराई से आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, “आप नागपुर, मराठवाड़ा और पुणे की सीटें हार गए हैं।”
नागपुर सीट ने विपक्ष को दिया हमलावर होने का मौका
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत वंजारी ने जीत दर्ज कर पार्टी को बड़ी राहत दी है। नागपुर को लंबे समय से बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का अभेद्य किला माना जाता रहा है, इसलिए यहां विपक्षी उम्मीदवार की सफलता का राजनीतिक महत्व काफी बड़ा है। शुरुआती मतगणना में जब कांग्रेस किसी भी सीट पर आगे नहीं थी, तब बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर तंज कसे थे। लेकिन देर रात नागपुर और पुणे जैसी सीटों के नतीजे साफ होने के बाद अब कांग्रेस और उसकी सहयोगी शिवसेना (UBT) ने आक्रामक रुख अपना लिया है।
