‘यह प्रत्याशियों की व्यक्तिगत जीत, सपा खुश न हो’, 6 सीटों पर जीत के बाद मंत्री सुरेश खन्ना का बयान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। अब तक घोषित 10 सीटों के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 4 सीटें समाजवादी पार्टी (SP) के खाते में गई हैं। वाराणसी की स्नातक सीट पर मतगणना अभी जारी है, जहां सपा उम्मीदवार ने मजबूत बढ़त बना रखी है। चुनावी नतीजों को लेकर पक्ष-विपक्ष की ओर से बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है।
‘सपा इसे अपनी जीत समझने की गलती न करे’- सुरेश खन्ना
यूपी सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता सुरेश खन्ना ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को 4 सीटें मिलने पर बहुत ज्यादा खुश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह उनकी (सपा की) नीतियों की जीत नहीं है। असल में, यह उम्मीदवारों के अपने व्यक्तिगत महत्व को दर्शाता है। जिन उम्मीदवारों ने व्यक्तिगत स्तर पर मतदाताओं को एकजुट किया और अतिरिक्त मेहनत की, उन्हें जीत मिली है। सपा को इसे अपनी जीत समझने की गलती नहीं करनी चाहिए।”
वाराणसी स्नातक सीट: बीजेपी प्रत्याशी ने मानी हार, सपा आगे
11 सीटों में से केवल वाराणसी स्नातक MLC सीट पर अभी मतगणना चल रही है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा करीब 18,000 वोटों के भारी अंतर से आगे चल रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि आधिकारिक नतीजे आने से पहले ही इस सीट से बीजेपी उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जनादेश को मैं पूर्ण विनम्रता और लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करता हूं। यद्यपि इस चुनाव में हमें अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं हो सकी, तथापि आप सभी का स्नेह, सहयोग और विश्वास मेरे लिए सदैव अमूल्य रहेगा।”
दूसरी ओर, इसी सीट पर बीजेपी कार्यकर्ता मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए हैं।
‘अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ रही है’- अवधेश प्रसाद
सपा के प्रदर्शन से उत्साहित होकर फैजाबाद (अयोध्या) से पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ये नतीजे इशारा कर रहे हैं कि अखिलेश यादव के प्रति जनता का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया, “बीजेपी पर लोगों का भरोसा खत्म हो रहा है और सबके मन में बदलाव की भावना है। निश्चित तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी बहुत बुरी तरह से पराजित होगी।”
‘अयोध्या के बाद अब काशी, मथुरा भी जीते’- सपा प्रवक्ता
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने पार्टी की जीत को ‘प्रभु का आशीर्वाद’ बताया है। उन्होंने नतीजों पर खुशी जताते हुए कहा, “प्रभु का आशीर्वाद समाजवादियों के साथ है। हमने पहले अयोध्या में जीत हासिल की और अब काशी, मथुरा और प्रयागराज भी जीत लिए हैं।”
