UP MLC चुनाव नतीजे: वाराणसी, गोरखपुर और बरेली में काउंटिंग जारी; 50-50 मतपत्रों के बन रहे बंडल, दावों का दौर शुरू
उत्तर प्रदेश की शिक्षक और स्नातक विधान परिषद (MLC) सीटों के लिए आज वोटों की गिनती चल रही है। राज्य के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही मतपेटियां खोलने का काम शुरू हो गया था। वाराणसी, गोरखपुर और बरेली सहित सभी प्रमुख मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शुरुआती रुझानों और बयानों में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
वाराणसी में शांतिपूर्ण मतगणना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वाराणसी में कड़ी सुरक्षा के बीच वाराणसी खंड की स्नातक और शिक्षक MLC सीटों की मतगणना जारी है। वाराणसी खंड में 8 जिले— वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया आते हैं। यहां स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। वर्तमान में इन दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी का ही कब्जा रहा है।
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मतगणना का काम पूरी तरह से शांतिपूर्ण चल रहा है। राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंटों की मौजूदगी में बक्सों से मतपत्र निकाले जा रहे हैं। फिलहाल मतपत्रों को 50-50 के बंडलों में बांधा जा रहा है।
कानून-व्यवस्था को लेकर डीआईजी (लॉ एंड ऑर्डर) शिव हरि मीणा ने कहा कि मतगणना स्थल और शहर के लिए पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। सुरक्षा के लिए मानक से अधिक फोर्स तैनात की गई है और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
गोरखपुर: 3 राउंड में होगी वोटों की गिनती
गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में मतगणना का काम तेजी से चल रहा है। यहां भी पहले मतपत्रों को सीधा कर 50-50 की गड्डी (बंडल) बनाई जा रही है, जिसका मिलान ‘फॉर्म 16’ में दर्ज वोटों की संख्या से किया जाएगा।
मिलान पूरा होने के बाद हर टेबल पर 20-20 गड्डी (यानी 1,000 वोट) गिनने के लिए दी जाएंगी। इस प्रक्रिया से पहले राउंड में 14 हजार मत गिने जाएंगे। कुल 3 राउंड में यह गिनती पूरी होनी है, जिसमें सबसे पहले प्रथम वरीयता (First Preference) के मतों को गिना जाएगा।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार संजयन त्रिपाठी ने भारी मतदान का हवाला देते हुए अपनी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा, “पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार मतदान में लगभग 9-10% की बढ़ोतरी हुई है। मैंने पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने और गैर-सहायता प्राप्त (Unaided) संस्थानों के शिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसका फायदा हमें मिलेगा।”
बरेली में BJP और सपा के बीच सीधा मुकाबला
बरेली मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी सीट पर भी शांतिपूर्ण तरीके से काउंटिंग जारी है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार हरि सिंह ढिल्लो और समाजवादी पार्टी के दानिश अख्तर के बीच है। नौ जिलों के शिक्षक मतदाताओं ने इस सीट पर वोट डाले हैं और देर शाम तक अंतिम नतीजे आने की उम्मीद है।
बीजेपी का दावा: ‘सभी 11 सीटें जीतेंगे’
मतगणना स्थलों पर जहां एक तरफ कागजी प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी तरफ उम्मीदवारों के दावों का दौर भी तेज है। शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने दावा किया है कि बीजेपी प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर जीत दर्ज करेगी और पार्टी को उनके कामों के आधार पर वोट मिले हैं।
