BJP के ‘वियतनाम दौरे’ के दावे के बीच राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्रों से की मुलाकात, कांग्रेस ने तस्वीरें शेयर कर दिया करारा जवाब

rahul

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर छिड़े सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने बुधवार (21 अक्टूबर) को एक अहम तस्वीर साझा की। यह तस्वीर ऐसे समय में सामने आई है जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार यह दावा कर रही है कि राहुल गांधी ‘छुट्टियां’ मनाने वियतनाम गए हुए हैं। कांग्रेस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली में ‘विजन IAS’ कोचिंग संस्थान के छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कोचिंग छात्रों ने राहुल गांधी से साझा की परेशानियां

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि छात्रों ने कोचिंग संस्थान में पढ़ाई की गिरती गुणवत्ता, मेंटरशिप और स्टडी मटेरियल में आई कमी को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं। छात्रों ने राहुल गांधी को यह भी बताया कि फीस रिफंड को लेकर उनकी मांगों पर कोचिंग प्रबंधन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि राहुल गांधी पिछले कुछ समय से लगातार एसआईआर (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और सड़कों पर मार्च कर रहे हैं।

BJP के हमले: ‘झूठ फैलाते-फैलाते थक गए, वियतनाम घूम आता हूं’

इससे पहले, 19 अक्टूबर को बीजेपी ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें राहुल गांधी के विमान में होने का दावा किया गया। बीजेपी ने वीडियो के साथ तंज कसते हुए लिखा, ”झूठ फैलाते-फैलाते थक गया… कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं… किसी को क्या ही पता चलेगा!”

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के एक बयान का हवाला देते हुए बीजेपी ने एक्स (X) पर सवाल उठाया, “राहुल गांधी वियतनाम में किससे मिलने वाले हैं? देश की सीमाओं के बाहर ऐसी कौन-सी प्लानिंग हो रही है? उनके भारत लौटने के बाद ऐसा क्या बदल जाएगा?” बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल गांधी के विदेश दौरे को मौज-मस्ती और छुट्टियां करार दिया।

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का पलटवार

बीजेपी के इन आरोपों पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार करते हुए कहा, “क्या पीएम मोदी इंडिया गेट पर बैठे हुए हैं? पीएम कहां-कहां घूम रहे हैं, उस पर सवाल नहीं होंगे।”

वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद सौगत रॉय ने भी राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि वे चार दिनों के लिए वियतनाम गए हैं और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं, इसमें बीजेपी को इतनी चिंता क्यों हो रही है।