Tiger Shroff Firing Case: 3 शूटर गिरफ्तार, संजय राउत ने की महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन की मांग
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीन शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया है। ये तीनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मुंबई से दिल्ली भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर इन्हें धर दबोचा। इस बीच, फायरिंग की इस घटना ने महाराष्ट्र में सियासी भूचाल ला दिया है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे ‘जंगलराज’ करार दिया है और महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।
कैसे बची टाइगर श्रॉफ की जान?
मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ की फुर्ती ने उनकी जान बचा ली। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जिस वक्त शूटर्स फायरिंग कर रहे थे, टाइगर को संभलने के लिए कुछ सेकंड का समय मिल गया और वह तेजी से आगे की तरफ झुक गए।
सूत्रों ने बताया कि हमले के दौरान एक्टर के हाथ में मुक्का लगने जैसी चोट आई और गाड़ी का शीशा टूटने के कारण कांच के टुकड़े लगने से उन्हें मामूली खरोंचें आई हैं।
संजय राउत का तीखा वार- ‘महाराष्ट्र में लगाओ राष्ट्रपति शासन’
विपक्ष ने इस घटना को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना साधा है। संजय राउत ने कहा, “मैं इतना ही कहूंगा कि देवेंद्र फडणवीस इस राज्य के मुख्यमंत्री तो हैं ही, लेकिन कानून और व्यवस्था का जिम्मा भी उनका है। अमित शाह जी जो कृष्ण मेनन रोड पर रहते हैं और लगभग एक लाख सशस्त्र फौज के घेरे में बैठे हैं, जंतर-मंतर के बाद यह उनकी भी जिम्मेदारी है।”
राउत ने हालिया आपराधिक घटनाओं की फेहरिस्त गिनाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “सरेआम मुंबई में कभी सलमान खान पर हमला होता है, कभी बाबा सिद्दीकी की हत्या होती है। कभी ठाणे में शिवसेना के कार्यकर्ता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या होती है और कल टाइगर पर गोली चलाई गई। यह पूरी तरह जंगलराज है। अगर जंगलराज शुरू होता है, तो उस राज को बर्खास्त करके महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए। हालात मुख्यमंत्री फडणवीस के कंट्रोल के बाहर चले गए हैं।”
राउत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिनदहाड़े हत्याएं, एक्सटॉर्शन और किडनैपिंग हो रही है। उन्होंने सीधे तौर पर कहा, “आप लोग कहां हैं? आप पीछे से इन माफिया गैंग को सपोर्ट कर रहे हो।”
मीका सिंह ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई की कानून-व्यवस्था पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा, “मुंबई को हमेशा देश के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता रहा है। यहां लोग खासकर महिलाएं देर रात तक बेझिझक घूम-फिर सकती हैं और ट्रैवल कर सकती हैं। लेकिन टाइगर श्रॉफ से जुड़ी इस घटना के बाद हमारी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसी को भी डर में नहीं जीना चाहिए।”
