‘किसके कहने पर की चुनावों में धांधली?’: तेजस्वी यादव का मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा हमला, फैसलों से पीछे हटने पर उठाए सवाल

tejasvi yadav

 मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया को रद्द करने की मांग को लेकर विपक्षी दलों का विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। दिल्ली और पटना सहित देश के विभिन्न शहरों में विपक्षी दल सड़कों पर उतर चुके हैं।

इसी कड़ी में मंगलवार (13 अक्टूबर, 2026) को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तीखे सवाल दागे और उन पर सीधे आरोप लगाए।

‘अगर तब सही थे तो अब फैसलों से पीछे क्यों हट रहे हैं?’

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए लिखा, “चुनाव आयोग ने किसके कहने पर चुनावों में धांधली की, बेईमानी की, डकैती की? अब चुनाव आयोग डर के मारे अपने पूर्व के उन्हीं नियमों और फैसलों को क्यों बदल रहा है?”

आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए तेजस्वी ने आगे लिखा, “अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उस वक्त सही थे तो अब अपने फैसलों से पीछे क्यों हट रहे हैं? या तो वह तब सही थे या अब सही हैं? इन डकैतों ने चुनाव लूटे हैं। जनविश्वास का कत्ल और लोकतंत्र की हत्या की है।”

दिल्ली की सड़कों पर ऑटो से घूमते हुए बनाया वीडियो

तेजस्वी यादव सोमवार (12 अक्टूबर) को विपक्षी गठबंधन द्वारा दिल्ली में बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए विशाल ‘लोकतंत्र मार्च’ में भी शामिल हुए थे।

सोमवार रात उन्होंने अपने एक्स हैंडल से एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वे दिल्ली की सड़कों पर ऑटो में सफर करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के जरिए भी उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया और चुनावों में कथित ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया।

पटना में आज लोकभवन मार्च निकालेंगे छात्र संगठन

विपक्षी दलों की स्पष्ट मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और SIR की पूरी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

दिल्ली के विरोध-प्रदर्शनों के बाद अब आंदोलन का दायरा अन्य राज्यों में भी बढ़ रहा है। इसी क्रम में आज (मंगलवार) बिहार की राजधानी पटना में लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठन आइसा (AISA) और इनौस (RYA) ने लोकभवन मार्च का आह्वान किया है, जिसके तहत छात्र और युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।