‘घर वापसी कर लो, साथ नमाज पढ़ेंगे और बिरयानी खाएंगे’, रामदेव के ‘कन्वर्टेड मुसलमान’ पर शौकत अली का पलटवार
योग गुरु बाबा रामदेव के ‘कन्वर्टेड मुसलमान’ वाले बयान पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने तीखा पलटवार किया है। AIMIM नेता शौकत अली ने बाबा रामदेव को ही ‘घर वापसी’ करने की सलाह दे डाली है। शौकत अली ने दावा किया कि दोनों के पूर्वज एक ही हैं और रामदेव को अपना बदला हुआ धर्म छोड़कर वापस आ जाना चाहिए।
‘साथ बिरयानी खाने में मजा आएगा’
शौकत अली ने रामदेव के बयान पर सीधी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमारे और तुम्हारे पूर्वज अब्बा आदम हैं।” उन्होंने रामदेव को सलाह दी कि आपने अपना धर्म बदल लिया है, इसलिए अब घर वापसी कर लीजिए। अली ने तंज कसते हुए कहा कि यदि ऐसा होगा तो दोनों मिलकर नमाज पढ़ेंगे और साथ में बिरयानी भी खाएंगे। उन्होंने कहा कि जब हम मिलकर यह सब करेंगे तो कितना मजा आएगा।
बरसाना में रामदेव ने दिया था ‘कन्वर्टेड’ वाला बयान
यह पूरा विवाद बुधवार को मथुरा के बरसाना से शुरू हुआ। बाबा रामदेव वहां पंडित प्रदीप मिश्रा की श्रीशिव महापुराण कथा में शामिल होने गए थे। इसी कार्यक्रम में उन्होंने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान का जवाब दिया था, जिसमें ओवैसी ने कहा था कि देश में कोई नहीं चाहता कि मुसलमानों की अपनी राजनीतिक आवाज हो।
रामदेव ने मुस्लिम समुदाय से अपने इतिहास और मूल पूर्वजों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के सारे मुसलमान कन्वर्टेड हैं। मुस्लिम समुदाय के पूर्वज भी भारतीय ऋषि-ऋषिकाएं और राम-कृष्ण ही रहे हैं। उनके मुताबिक, यदि लोग अपने मूल पूर्वजों से जुड़ेंगे तो खुद को कमजोर महसूस नहीं करेंगे। रामदेव ने यह भी कहा कि हिंदू और मुसलमान मिलकर रहेंगे तो देश ज्यादा मजबूत बनेगा।
रेवंत रेड्डी के बयान पर जताया था कड़ा एतराज
इसी मंच से बाबा रामदेव ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी निशाना साधा। रेवंत रेड्डी ने हाल ही में राम को अमीरों का भगवान और शिव को गरीबों का भगवान बताया था।
रामदेव ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भगवान के नाम पर भेदभाव नहीं फैलाया जाना चाहिए। पहले कुछ लोगों ने सनातन को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने का काम किया और अब भगवान को बांटा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राम, कृष्ण, शिव, सीताराम और राधा-कृष्ण में कोई अंतर नहीं है।
युवाओं को दी सोशल मीडिया से दूर रहने की नसीहत
कथा के दौरान रामदेव ने युवाओं और आम लोगों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी एक संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से इंटरनेट पर प्रसारित होने वाली फूहड़ रील और अश्लील फिल्मों से दूर रहने की अपील की। रामदेव ने कहा कि ऐसी सामग्री देखने में समय बर्बाद करने से समाज का सांस्कृतिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति और भक्ति मार्ग से जुड़ने का आग्रह किया।
