पूर्व IAS दिव्या मित्तल बढ़ाएंगी अनुप्रिया पटेल की मुश्किलें? मिर्जापुर में मोर्चेबंदी
पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में उतरने के ऐलान के साथ ही उत्तर प्रदेश, विशेषकर मिर्जापुर की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मिर्जापुर में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के खिलाफ दिव्या मित्तल की संभावित मोर्चेबंदी को लेकर नेशनल इक्वल पार्टी ने खुले समर्थन का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही दिव्या मित्तल के जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
‘पानी’ के मुद्दे पर मंत्री पर निशाना
स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान नेशनल इक्वल पार्टी के अध्यक्ष शशि प्रताप सिंह ने अनुप्रिया पटेल पर सीधे तौर पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जिस गांव में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अनुप्रिया पटेल को कई बार प्रस्ताव दिए गए थे, वहां कोई काम नहीं हुआ। सिंह के मुताबिक, उस समय बतौर प्रशासनिक अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने स्तर पर पहल करते हुए उस गांव तक पानी पहुंचाया था।
‘अनुप्रिया पटेल को हराने के लिए आई हैं दिव्या मित्तल’
शशि प्रताप सिंह ने दावा किया कि दिव्या मित्तल राजनीति में अनुप्रिया पटेल को हराने के मकसद से ही आई हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह बदले की राजनीति है, तो सिंह ने ‘बदला लेने’ की बात स्वीकार करते हुए अनुप्रिया पटेल पर तीखी टिप्पणी की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्या मित्तल किसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ें या निर्दलीय मैदान में उतरें, नेशनल इक्वल पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। हालांकि, खुद दिव्या मित्तल की ओर से अनुप्रिया पटेल के खिलाफ चुनाव लड़ने या इस समर्थन को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
राजा भैया के साथ गठबंधन की अटकलें
मिर्जापुर में पटेल के खिलाफ सियासी लामबंदी की इन चर्चाओं के बीच, दिव्या मित्तल और राजा भैया के बीच राजनीतिक गठजोड़ की खबरें भी सामने आ रही हैं। ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ की एक रिपोर्ट में दोनों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना का जिक्र किया गया है।
इस संभावित गठबंधन की चर्चाओं को 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच सामने आए राजनीतिक मतभेदों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल, राजा भैया, उनकी पार्टी या दिव्या मित्तल की तरफ से किसी भी प्रकार के गठबंधन या चुनावी रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
