राजा वडिंग ने की अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश, विजय इंदर सिंगला रेस में सबसे आगे

amrindar

पंजाब में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस के भीतर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान की ओर से पद से हटाने के फैसले से अवगत कराए जाने के बाद वडिंग ने यह कदम उठाया है।

इस्तीफे की चर्चाओं पर राजा वडिंग का बयान

इस्तीफे और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच राजा वडिंग ने पहली प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली रवाना होने से पहले चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर स्थिति स्पष्ट करने से परहेज किया।

वडिंग ने कहा, “मैं किसी भी विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। जब सही समय आएगा, मैं आपको बता दूंगा।” दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय जाने के सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि कुछ बातें अंदरूनी होती हैं।

विजय इंदर सिंगला अध्यक्ष बनने की दौड़ में सबसे आगे

पार्टी सूत्रों के अनुसार, 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस आलाकमान नए चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी में है। पूर्व मंत्री और सांसद विजय इंदर सिंगला इस पद की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य सिंगला को 1 जुलाई को पार्टी की चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।

चन्नी, रंधावा और परगट सिंह के नामों पर भी चर्चा

नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए सिंगला के अलावा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा भी दावेदारों में शामिल हैं।

इसके साथ ही पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह, राजा सांसी के विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया और पूर्व विधायक राणा के. पी. सिंह के नामों की भी चर्चा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है।