18 साल बाद अनंत चतुर्दशी पर बन रहा दुर्लभ योग? जानें किन राशियों को लाभ
Anant Chaturdashi 2026: अनंत चतुर्दशी का दिन हिंदू धर्म में बहुत शुभ माना जाता है। यह पर्व भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा होती है और श्रद्धालु 14 गांठों वाला अनंत धागा बांधते हैं। इसी दिन गणेश उत्सव का समापन भी होता है और भक्त गणपति बप्पा को नम आंखों से विदाई देते हैं।
साल 2026 की अनंत चतुर्दशी इस बार ज्योतिषीय नजरिए से भी चर्चा में रहने वाली है। इस दिन कुंभ राशि में चंद्रमा और राहु एक साथ होंगे। ज्योतिष में राहु-चंद्रमा की इस युति को ग्रहण योग कहा जाता है। साथ ही, चंद्रमा के कुंभ राशि में रहने से पंचक भी प्रभावी रहेगा।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, राहु करीब डेढ़ साल तक एक ही राशि में रहते हैं, जबकि चंद्रमा बहुत तेजी से राशियां बदलते हैं। इसलिए कुंभ राशि में राहु और चंद्रमा का मिलन कोई रोज बनने वाला योग नहीं है। अनंत चतुर्दशी के दिन यह संयोग लगभग 18 साल बाद बन रहा है।
इस दौरान चंद्रमा धनिष्ठा, शतभिषा और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्रों से होकर गुजरेगा। इसी वजह से पंचक की स्थिति भी रहेगी। धार्मिक मान्यताओं में पंचक के दौरान कुछ शुभ कार्यों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
आइए जानते हैं कि इस ग्रहण योग का किन राशियों पर अच्छा असर पड़ सकता है।
मेष राशि: कमाई बढ़ने के बन सकते हैं रास्ते
मेष राशि वालों के लिए यह योग आय और लाभ के स्थान में बन रहा है। ऐसे में पैसे से जुड़े मामलों में राहत मिलने की संभावना मानी जा रही है। रुका हुआ धन वापस आ सकता है या आय का कोई नया साधन बन सकता है। कारोबार करने वालों को किसी महत्वपूर्ण डील या काम में फायदा मिल सकता है।
मिथुन राशि: भाग्य देगा साथ, विदेश से जुड़े काम में अवसर
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह संयोग भाग्य भाव में बन रहा है। लंबे समय से अटके काम गति पकड़ सकते हैं। पढ़ाई, विदेश, ऑनलाइन कारोबार या अंतरराष्ट्रीय कामकाज से जुड़े लोगों को कोई अच्छा अवसर मिलने की उम्मीद है। धार्मिक यात्रा की योजना भी बन सकती है।
तुला राशि: निवेश और रचनात्मक काम में लाभ की संभावना
तुला राशि के लिए यह युति बुद्धि, संतान और लाभ से जुड़े भाव में बन रही है। पुराने निवेश से फायदा होने की संभावना जताई जा रही है। शेयर बाजार से जुड़े लोगों को सोच-समझकर फैसले लेने की जरूरत रहेगी। वहीं, मीडिया, कला, लेखन और क्रिएटिव क्षेत्र के लोगों को काम के जरिए पहचान मिल सकती है।
धनु राशि: आत्मविश्वास बढ़ेगा, करियर में नई जिम्मेदारी मिल सकती है
धनु राशि वालों के लिए राहु और चंद्रमा का यह योग पराक्रम भाव में रहेगा। इससे आत्मविश्वास और काम करने का जोश बढ़ सकता है। नौकरी करने वालों को नई जिम्मेदारी, अहम प्रोजेक्ट या पदोन्नति का मौका मिल सकता है। कार्यस्थल पर आपकी मेहनत और तरीके की तारीफ होने की संभावना है।
नोट: ज्योतिषीय अनुमान सामान्य मान्यताओं पर आधारित होते हैं। व्यक्तिगत कुंडली, दशा और ग्रहों की स्थिति के अनुसार परिणाम अलग हो सकते हैं।
