PIA ने क्रू के लिए लॉन्च की नई ड्रेस, पाकिस्तानियों ने जमकर उड़ाया मजाक
भारी आर्थिक तंगी और कुप्रबंधन से जूझ रही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने अपने कैबिन क्रू मेंबर्स के लिए नई ड्रेस लॉन्च की है। एयरलाइन का यह नया प्रयोग उसी पर भारी पड़ गया है। नई यूनिफॉर्म की तारीफ होने के बजाय खुद पाकिस्तानी अवाम ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन की जमकर खिल्ली उड़ानी शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि कपड़ों पर पैसा और समय बर्बाद करने के बजाय एयरलाइन को अपने जर्जर विमानों और बदहाल सेवाओं को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
9 डिजाइनरों ने पेश किए यूनिफॉर्म के आइडिया
PIA ने नई ड्रेस का ऐलान करते हुए बताया कि 16 सितंबर को नौ पाकिस्तानी डिजाइनरों ने इस नई यूनिफॉर्म के लिए अपने आइडिया पेश किए थे। एयरलाइन ने इस फैशन शोकेस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें कहा गया कि डिजाइनरों ने ‘फैशन, फंक्शनैलिटी, आइडेंटिटी और परपज’ को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन के भविष्य की ड्रेस तैयार की है। हालांकि, यह चमक-दमक भरा इवेंट पाकिस्तानियों को बिल्कुल रास नहीं आया।
‘नई ड्रेस खराब कामकाज को ठीक नहीं कर सकती’
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने PIA के ऑपरेशंस, कस्टमर सर्विस और कार्यप्रणाली को लेकर तीखे सवाल दागने शुरू कर दिए।
-
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “सिस्टम, विमानों की हालत, सर्विस और सबसे जरूरी चीज—अपनी रेपुटेशन को बेहतर बनाने पर ज्यादा मेहनत करनी चाहिए थी।”
-
एक अन्य यूजर ने एयरलाइन को आईना दिखाते हुए कहा, “PIA को नई ड्रेस की नहीं, बल्कि एक नई ऑपरेशन टीम, अकाउंटेबिलिटी और बेहतर कस्टमर सर्विस की जरूरत है। आपकी इन-फ्लाइट सर्विस किसी सजा जैसी लगती है। नए कपड़े खराब कामकाज को ठीक नहीं कर सकते।”
‘तस्करी रोकें, समय की पाबंदी का रखें ध्यान’
यूजर्स ने संसाधनों की बर्बादी पर भी कड़ा एतराज जताया। एक व्यक्ति ने लिखा कि जब PIA असल में एक बेहतरीन एयरलाइन हुआ करती थी, तब वे ऐसे बेवकूफी भरे इवेंट्स पर एक रुपया भी खर्च नहीं करते थे। डिजाइनर एयरलाइन को नहीं बचा पाएंगे, बल्कि ईमानदारी और कड़ी मेहनत से ही हालात सुधरेंगे।
एक अन्य भड़के हुए यूजर ने सीधे तौर पर स्टाफ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लिखा, “आपको क्या लगता है कि नई यूनिफॉर्म लॉन्च करने से हम PIA में सफर करेंगे? कृपया अपने स्टाफ को ठीक से ट्रेनिंग दें, हवाई जहाजों का रखरखाव करें और समय की पाबंदी का ध्यान रखें। तस्करी रोककर अपनी इमेज सुधारें। यात्रियों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि एयर होस्टेस ने क्या पहना है।”
