‘मेरे दोस्त…’; इटली की PM जॉर्जिया मेलोनी ने खास अंदाज में दी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 सितंबर 2026) अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के शीर्ष नेता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने भी पीएम मोदी को बेहद आत्मीय अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है और दोनों देशों के बीच भविष्य के सहयोग को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
‘मेरे दोस्त की सफलता की कामना करती हूं’
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट के जरिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों को रेखांकित करते हुए लिखा:
“मेरे दोस्त नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई; मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, ऊर्जा और सफलता की कामना करती हूँ। इटली और भारत अपनी गहरी दोस्ती को और मज़बूत कर रहे हैं और साथ मिलकर दोनों देशों के लिए सहयोग और समृद्धि का भविष्य बना रहे हैं।”
नेतन्याहू सहित अन्य वैश्विक नेताओं ने भी दी बधाई
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि मेलोनी से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्षों की ओर से आ रहे ये संदेश वैश्विक पटल पर भारत की मजबूत होती कूटनीति और पीएम मोदी के व्यक्तिगत संबंधों की गहराई को दर्शाते हैं।
