September 20, 2026

अयोध्या फैसले पर स्वरा भास्कर का विवादित बयान: ‘मुझे बहुत शर्म आई’, शाहरुख-सलमान को किया था मेसेज

swara

बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) एक बार फिर अपने विवादित बयानों को लेकर लोगों के निशाने पर आ गई हैं। हाल ही में अपने पति फहाद अहमद (Fahad Ahmad) के साथ ‘द मिडनाइट आवर’ पॉडकास्ट में पहुंचीं स्वरा ने 2019 के अयोध्या राम जन्मभूमि फैसले (Ayodhya Verdict) पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद वह काफी परेशान हो गई थीं और उन्होंने इसे अनुचित माना था।

फैसले को बताया ‘अनुचित’, मुस्लिम दोस्तों को भेजा मेसेज

पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान स्वरा ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट का राम मंदिर पर फैसला आया, तो उन्हें लगा कि यह बहुत अन्यायपूर्ण है। इस फैसले से दुखी होकर उन्होंने अपने फोन बुक में मौजूद सभी मुस्लिम दोस्तों को संपर्क किया था। इन दोस्तों की लिस्ट में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता—आमिर खान, शाहरुख खान, सलमान खान से लेकर उनके मौजूदा पति फहाद अहमद तक शामिल थे।

‘एक हिंदू के तौर पर मुझे शर्म आ रही है’

स्वरा ने अपने उस मेसेज का जिक्र करते हुए कहा, “मैंने अपने सभी मुस्लिम दोस्तों से कहा कि एक हिंदू के तौर पर मुझे बहुत दुख हुआ है और मुझे बहुत शर्म आ रही है। मैं इस फैसले से बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं।”

स्वरा के अनुसार, उनके इस मेसेज पर कई लोगों ने रिप्लाई करते हुए कहा कि ‘इट्स ओके, लेकिन इस तरह के मेसेज मत करिए।’ हालांकि, फहाद अहमद ने उनके मेसेज का जवाब दिया और यहीं से दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ था।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

स्वरा के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लोगों का गुस्सा एक बार फिर भड़क उठा है। नेटिजंस उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि स्वरा सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी करती हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “आपको सुर्खियों में रहने के लिए कुछ भी कहना है, तब भी आपको फिल्म नहीं मिलने वाली।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “आपको लेकर हमें शर्मिंदगी महसूस होती है।”