विधायकों-सांसदों की सुरक्षा होगी हाईटेक, गनरों को मिलेंगी 800 सब-मशीनगन
उत्तर प्रदेश में सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात गनरों को अब पुराने हथियारों की जगह आधुनिक हथियार दिए जाएंगे। इसके लिए गृह विभाग ने 800 नई नाइन एमएम (9mm) सब-मशीनगन और तीन स्नाइपर राइफल खरीदने के लिए करीब 5.59 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इसके साथ ही पीआरडी (PRD) जवानों के भत्ते में बढ़ोतरी का भी रास्ता साफ हो गया है।
800 सब-मशीनगन और 2.56 लाख कारतूस की होगी खरीद
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गनरों को 800 नई 9mm सब-मशीनगन उपलब्ध कराई जाएंगी। एक सब-मशीनगन की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। इन आधुनिक हथियारों के साथ 2.56 लाख कारतूस भी खरीदे जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में पुलिसकर्मियों की मारक और जवाबी कार्रवाई क्षमता को बढ़ाया जा सके। इससे पहले अगस्त महीने में भी सरकार ने सुरक्षा आकलन के आधार पर कई नेताओं और मंत्रियों को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला किया था।
राम मंदिर और लोकभवन के लिए 3 स्नाइपर राइफल
प्रदेश के अति-संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा के लिए तीन अत्याधुनिक स्नाइपर राइफलें भी खरीदी जा रही हैं। एक स्नाइपर राइफल की कीमत लगभग 10.76 लाख रुपये आंकी गई है। इन स्नाइपरों की तैनाती अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हाईकोर्ट, लोकभवन और मेट्रो स्टेशनों जैसी चुनिंदा संवेदनशील जगहों पर जरूरत के हिसाब से की जाएगी, जिससे सुरक्षा की एक अतिरिक्त लेयर तैयार हो सके।
महिला PAC वाहिनियां भी होंगी हाईटेक
हाल ही में गठित की गई पीएसी (PAC) की तीन महिला वाहिनियों को भी आधुनिक हथियारों से लैस किया जा रहा है। पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत इन महिला बटालियनों के लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
