यूपी चुनाव 2027 से पहले UCC लाने की तैयारी: दिल्ली में अमित शाह से मिल सकते हैं सीएम योगी
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले यूसीसी लागू करने की व्यावहारिक संभावनाओं और प्राथमिक रूपरेखा पर सीधी बातचीत हो सकती है।
ड्राफ्ट कमेटी के गठन का मसौदा हो सकता है फाइनल
प्रदेश में यूसीसी का खाका खींचने के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित किए जाने की तैयारी है। गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच संभावित चर्चा में इस ड्राफ्ट कमेटी की रूपरेखा और सदस्यों के नामों के मसौदे को अंतिम रूप दिया जा सकता है। 2027 के चुनाव से पहले राज्य सरकार इस कानून को लेकर अपनी नीति स्पष्ट करने और ठोस तैयारी शुरू करने के मूड में दिख रही है।
2029 तक NDA शासित राज्यों में कानून का लक्ष्य
यह संभावित मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस हालिया बयान के बाद हो रही है, जिसमें उन्होंने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित सभी राज्यों में वर्ष 2029 से पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का ऐलान किया था। गृह मंत्री के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में इसे समय से पहले धरातल पर उतारने की रणनीति को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं।
यमुना नदी पर बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने तय कार्यक्रम के तहत आज दिल्ली पहुंचे हैं। वह दोपहर 12:30 बजे कर्तव्य भवन में यमुना नदी से जुड़े मुद्दे पर आयोजित अहम बैठक में हिस्सा लेंगे। इसी दौरे के दौरान उनकी गृह मंत्री अमित शाह से अलग से मुलाकात होने और राज्य में यूसीसी से जुड़े घटनाक्रम को आगे बढ़ाने पर विमर्श होने की संभावना है।
