September 15, 2026

विशाल यादव हत्याकांड: पूर्व सांसद धनंजय सिंह बोले- ‘शुरुआती तौर पर गैंगवार का मामला’

dhananjay singh

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में हुए चर्चित विशाल यादव हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह का बयान सामने आया है। धनंजय सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों से हुई बातचीत के आधार पर शुरुआती तौर पर यह मामला किसी गिरोह के अंदरूनी विवाद का लग रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक पहले साथ रहते थे, लेकिन बाद में उनके बीच आपसी दुश्मनी हो गई थी।

पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी तफ्तीश का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचेंगे धनंजय सिंह

धनंजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि जौनपुर के रामदयालगंज में तिवारीपुर निवासी नौजवान विशाल यादव की बर्बर हत्या से उनका मन बेहद आहत है। जिले से बाहर होने के कारण वह तत्काल नहीं पहुंच सके थे, लेकिन सोमवार (14 सितंबर) को शहर पहुंचते ही वह सीधे मृतक विशाल के परिजनों से मिलने उनके घर जाएंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

सपा विधायक लकी यादव पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप

इस हत्याकांड को लेकर जिले का सियासी पारा भी चढ़ गया है। मृतक विशाल यादव के परिजनों ने मल्हनी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक लकी यादव पर आरोपियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।

हालांकि, विधायक लकी यादव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है।

रामदयालगंज में दिनदहाड़े हुई थी हत्या, दो गिरफ्तार

यह वारदात जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामदयालगंज बाजार में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई थी, जहां बेखौफ बदमाशों ने विशाल यादव की हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।