September 15, 2026

14 PCS अधिकारियों के तबादले, काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विभूषण मिश्रा हटाए गए

kashi

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) संवर्ग के 14 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर मजिस्ट्रेट और नगर निगमों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। सूची में सबसे प्रमुख नाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विभूषण मिश्रा का है, जिन्हें मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी से मुक्त कर नई तैनाती दी गई है।

काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO बने UPSSSC में उपसचिव

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विभूषण मिश्रा को हटाकर उपसचिव, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के पद पर भेजा गया है।

इसके अलावा, गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को संयुक्त आयुक्त (प्रशासन), कार्यालय आयुक्त ग्राम्य विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नजूल) रहे संजय कुमार पाण्डेय को अब अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), गौतमबुद्धनगर बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर तैनात मंगलेश दुबे का तबादला उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज के पद पर किया गया है।

मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट भी बदले

मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ का तबादला अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), देवरिया के पद पर किया गया है। उनकी जगह बुलंदशहर के उपजिलाधिकारी (SDM) दीपक कुमार पाल को मुजफ्फरनगर का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं, हापुड़ की एसडीएम रेणु को पदोन्नत/स्थानांतरित करते हुए गाजियाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

चीनी मिल संघ और विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव

प्रशासनिक सूची में कई विभागों और निगमों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं:

  • अमित कुमार-2: एडीएम (वित्त एवं राजस्व), बहराइच से प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ।

  • विनीत उपाध्याय: एडीएम (वित्त एवं राजस्व), बागपत से प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ।

  • वरखा सिंह: प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी।

  • राम शंकर: एडीएम (वित्त एवं राजस्व), देवरिया से उपायुक्त (प्रशासन), खाद्य एवं रसद आयुक्त कार्यालय।

  • दिग्विजय प्रताप सिंह: एडीएम (वित्त एवं राजस्व), कासगंज से उपनिदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद।

  • संगम लाल: एडीएम (प्रशासन), एटा से एडीएम (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति), मिर्जापुर।

  • योगेंद्र सिंह: एडीएम (न्यायिक), जालौन से उपनिदेशक (प्रशासन), रेशम निदेशालय।

शासन स्तर से जारी आदेश के अनुसार, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।