‘ऑपरेशन सफेद सागर’ के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर रॉड से जानलेवा हमला, कोहनी की हड्डी टूटी
हरियाणा के गुरुग्राम में पार्किंग को लेकर गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सेक्टर-58 स्थित ‘मैग्नम ग्लोबल पार्क’ में 1999 के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में शामिल रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोप है कि एक पार्किंग अटेंडेंट ने लोहे की रॉड से वार कर उनका सिर फोड़ दिया और बचाव करने पर हाथ की हड्डी तोड़ दी। पीड़ित ने सेक्टर-65 थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है।
कार पार्क करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पायनियर पार्क (सेक्टर-61) के रहने वाले अमित गुप्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वारदात 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। वह अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित GONZO रेस्टोरेंट में डिनर करने गए थे। परिवार को रेस्टोरेंट के पास ड्रॉप करने के बाद जब वह अपनी कार पार्क करने लगे, तो पार्किंग कर्मचारियों ने उन्हें बेवजह परेशान करना शुरू कर दिया। पहले उन्हें वैले (Valet) पार्किंग में जाने को कहा गया, वहां से उन्हें बेसमेंट और फिर मल्टीलेवल पार्किंग में भेज दिया गया। जब उन्होंने इस अव्यवस्था पर सवाल-जवाब किए, तो कर्मचारियों ने कार पार्क करने से ही साफ मना कर दिया।
लोहे की रॉड से सिर और कोहनी पर वार
शिकायत के मुताबिक, जब अमित गुप्ता अपनी कार बैक करके वापस लौटने लगे, तभी एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार के शीशे पर रॉड दे मारी, जिससे शीशा चटक गया। इसका विरोध करने के लिए जैसे ही वह कार से बाहर निकले, आरोपी ने पार्किंग बैरियर के पास पड़ी एक भारी लोहे की रॉड से उनके सिर पर सीधा हमला कर दिया। सिर से खून बहने लगा और जब आरोपी ने दूसरा वार किया, तो बचाव में गुप्ता ने अपना हाथ आगे कर दिया। इससे रॉड उनकी बाईं कोहनी पर लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जबकि मौके पर मौजूद अन्य पार्किंग कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने कोई मदद नहीं की।
मेदांता में हुई सर्जरी, CCTV से पहचान की मांग
बुरी तरह घायल होने के बाद पीड़ित ने किसी तरह फोन कर अपने परिवार को मौके पर बुलाया। परिजन उन्हें एंबुलेंस के जरिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले गए। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि रॉड के प्रहार से कोहनी में गंभीर फ्रैक्चर आया है। हड्डी जोड़ने के लिए डॉक्टरों को सर्जरी कर प्लेट लगानी पड़ी। अस्पताल में सर्जरी और इलाज के चलते पुलिस को शिकायत देने में देरी हुई। पीड़ित का कहना है कि वह आरोपी का नाम नहीं जानते, लेकिन सामने आने पर उसे चेहरे से पहचान सकते हैं। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
