छात्र से दोस्ती न करने पर 4 लड़कियों ने छात्रा को पीटा, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा को एक छात्र से दोस्ती करने से इनकार करना भारी पड़ गया। छात्रा के मना करने पर चार अन्य लड़कियों ने साजिश रचकर उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
काम के बहाने बाजार बुलाया, फिर खेत में ले गईं
पुलिस के अनुसार, यह घटना एक महीने पहले 6 अगस्त की है। पीड़िता की एक साथी लड़की ने उसे काम का बहाना देकर बाजार बुलाया था। इसके बाद वह उसे अपनी स्कूटी पर बैठाकर एक खेत की तरफ ले गई। वहां पहले से ही तीन अन्य लड़कियां मौजूद थीं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, खेत में पहुंचने के बाद चारों आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और एक लड़के से दोस्ती करने का दबाव बनाते हुए उसके साथ बुरी तरह मारपीट की।
वीडियो कॉल कर मंगवाई माफी, दी ब्लैकमेलिंग की धमकी
दर्ज शिकायत में बताया गया है कि आरोपी लड़कियां लगातार पीड़िता पर एक खास लड़के से बात करने का दबाव डाल रही थीं। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपियों ने मौके से ही उस लड़के को वीडियो कॉल किया और छात्रा को उससे माफी मांगने के लिए मजबूर किया। इस पूरी मारपीट और घटनाक्रम को मोबाइल के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस या किसी और को इस बारे में बताया, तो वे वीडियो वायरल कर देंगी।
एक महीने बाद खुला राज, BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
धमकी देने के बावजूद आरोपियों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के लगभग एक महीने बाद वीडियो सामने आने पर पीड़िता ने सतना के कोलगवां थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी लड़कियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इनमें सार्वजनिक जगह पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने (धारा 296 B), जानबूझकर चोट पहुंचाने (धारा 115-2), आपराधिक धमकी देने (धारा 351-3) और समान इरादे (धारा 3-5) की धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
