कॉकरोच जनता पार्टी का फडणवीस सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
नीट (NEET) पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब महाराष्ट्र में सड़क पर उतरने जा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) परीक्षा में कथित पेपर लीक और एक छात्र की आत्महत्या के मुद्दे पर राज्य की फडणवीस सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।
MPSC अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग
रविवार को CJP की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि अभिजीत दीपके और पार्टी के अन्य नेता MPSC परीक्षार्थियों के चल रहे प्रदर्शन में शामिल होंगे। हाल ही में MPSC की तैयारी कर रहे कई छात्रों ने छत्रपति संभाजीनगर के वालुज इलाके में दीपके के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। छात्रों से चर्चा के बाद पार्टी ने MPSC के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की प्रमुख मांग रखी है। प्रेस रिलीज में साफ किया गया है कि अगर इस्तीफे नहीं हुए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
24 सितंबर तक का अल्टीमेटम
पार्टी ने सरकार को अपनी मांगें पूरी करने के लिए 24 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि वह और उनकी पार्टी MPSC उम्मीदवारों की इस लड़ाई में पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। दीपके के मुताबिक, “जब तक MPSC के अध्यक्ष और सचिव इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक हम छात्रों के साथ ही खड़े रहेंगे।” पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें न माने जाने की स्थिति में छात्रों को एकजुट करने के लिए वे पूरे महाराष्ट्र का दौरा करेंगे।
पुणे में छात्र की आत्महत्या से बढ़ा रोष
MPSC से जुड़ा यह पूरा विवाद परीक्षा की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय छात्र प्रथमेश देशमुख की आत्महत्या के बाद ज्यादा गहरा गया है। पुणे में प्रथमेश ने अपनी जान दे दी थी। पुलिस को उनके पास से मिले सुसाइड नोट में करीब 2.5 लाख रुपये के कर्ज का जिक्र था। कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रथमेश की मौत के लिए बेरोजगारी और खराब आर्थिक हालात का हवाला देते हुए सीधे तौर पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और इसी मुद्दे को लेकर अब सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है।
