September 15, 2026

जानिए कौन है चंदन जीना! जिसके घर ED का छापा, 1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त

harish rawat

उत्तराखंड की राजनीति में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के वर्तमान निजी सचिव (PA) चंदन सिंह जीना के देहरादून स्थित आवास पर ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह कार्रवाई साल 2016 की चर्चित यूकेएसएसएससी (UKSSSC) वीडीओ भर्ती परीक्षा घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।

1.28 करोड़ की संपत्ति, सोना और लग्जरी घड़ियां बरामद

ईडी की इस कार्रवाई में चंदन जीना के घर से भारी मात्रा में अघोषित संपत्ति मिली है। अब तक की जांच में जब्त और फ्रीज की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1.28 करोड़ रुपये आंका गया है।

  • नकदी और सोना: मौके से 32 लाख रुपये नकद और 200.5 ग्राम सोना (13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन) बरामद हुआ है।

  • लग्जरी घड़ियां: रोलेक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो, टिसॉट और कैसियो एडिफिस जैसे महंगे ब्रांडों की 12 लग्जरी घड़ियां जब्त की गई हैं। इन घड़ियों की कीमत का अलग से आकलन होने पर कुल जब्ती का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

  • बैंक खाते और मोबाइल सीज: ईडी ने चंदन जीना और उनके परिवार के सभी बैंक खातों को सीज कर दिया है। इसके अलावा फॉरेंसिक जांच के लिए उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

UKSSSC वीडीओ परीक्षा 2016 से जुड़ा है पूरा मामला

यह पूरी कार्रवाई यूकेएसएसएससी की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VDO) परीक्षा 2016 में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं से जुड़ी है। अल्मोड़ा के भिकियासैंण निवासी चंदन जीना वर्ष 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के ओएसडी (OSD) रह चुके हैं और वर्तमान में उनके निजी सहायक हैं।

छापेमारी के बाद उत्तराखंड की सियासत में भूचाल

आगामी चुनावों से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने राज्य में सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। अपने करीबी पर हुई इस छापेमारी के तुरंत बाद पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। रावत ने इसे अपने खिलाफ माहौल बनाने की राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा है कि वे चाहते हैं कि इस पूरे प्रकरण की सच्चाई जल्द से जल्द जनता के सामने आए।