जामिया के गर्ल्स हॉस्टल में खाने में निकला कीड़ा, भड़कीं छात्राओं ने गेट पर किया प्रदर्शन
देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) विश्वविद्यालय में जम्मू-कश्मीर गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं खराब खाने और गंदगी को लेकर प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतर आई हैं। बुधवार रात डिनर के दौरान एक छात्रा की प्लेट में कीड़ा निकलने के बाद हॉस्टल में हंगामा शुरू हो गया, जो गुरुवार को बड़े धरने में तब्दील हो गया। नाराज छात्राओं ने गेट नंबर 13 (सेंटेनरी गेट) पर लगभग 5 घंटे तक धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लंबे समय से मिल रहा था खराब खाना
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल के मेस का खाना बेहद खराब गुणवत्ता का है। छात्राओं ने बताया कि खाने में कभी कीड़ा, कभी मक्खी, तो कभी कांच के टुकड़े या सड़ा हुआ अंडा निकलने की शिकायतें आम हो गई हैं। छात्रा फातिमा ने बताया कि उन्होंने और अन्य कई छात्राओं ने अपने खाने में कीड़े देखे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से अधिक समय से हॉस्टल प्रशासन, मेस कर्मचारियों और वॉर्डन को इस बारे में लिखित शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सिर्फ झूठे आश्वासन दिए जा रहे थे।
देर रात लिखित आश्वासन, फिर से भड़का गुस्सा
गुरुवार को 5 घंटे लंबे चले धरने के बाद, रात करीब 3 बजे विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं की मांगें मानने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद मेस वेंडर ने इस्तीफा भी दे दिया। छात्राओं ने आश्वासन मिलने के बाद अपना धरना खत्म कर दिया था।
हालांकि, शुक्रवार रात स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई। छात्राओं ने एक बार फिर सेंटेनरी गेट पर अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बावजूद पुराने ठेकेदार को मेस से पूरी तरह नहीं हटाया गया है। छात्राओं के इस ताजा विरोध प्रदर्शन के बीच देर रात गेट की लाइट्स भी बंद कर दी गईं, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
