वसूली पर भड़के विधायक बृजभूषण राजपूत, वीडियो कॉल पर लगाई कड़ी फटकार
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे फसल सर्वे के नाम पर किसानों से कथित तौर पर पैसे वसूलने वाले लोगों को वीडियो कॉल के जरिए कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
किसानों की शिकायत पर भड़के विधायक
चरखारी तहसील के नटर्रा गांव में फसल सर्वे के दौरान कुछ लोगों द्वारा किसानों से अवैध रूप से पैसे लेने की शिकायत स्थानीय लोगों ने विधायक तक पहुंचाई थी। मामला संज्ञान में आते ही विधायक बृजभूषण राजपूत ने तुरंत वीडियो कॉल के जरिए मौके पर मौजूद कथित आरोपियों से सीधा संपर्क किया।
वायरल वीडियो में विधायक तल्ख अंदाज में आरोपियों से उनका नाम, पहचान और सर्वे करने के अधिकार के बारे में पूछताछ करते दिख रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसानों की फसलें पहले से ही बर्बाद हो चुकी हैं और ऐसे समय में उन पर आर्थिक बोझ डालना बेहद शर्मनाक है।
‘पूरे गांव में घुमाओ जूतों की माला पहनाकर’
वीडियो कॉल के दौरान विधायक ने गुस्से में कहा, “तुम किसानों से पैसे क्यों मांग रहे हो? तुम्हारे पास फोन पर पैसे आ चुके हैं, सारा पैसा वापस करो।” उन्होंने वहां मौजूद लोगों से यहां तक कह दिया कि अगर ये लोग सही बात नहीं बता रहे हैं, तो इन्हें पूरे गांव में जूतों की माला पहनाकर घुमाया जाए और बाद में पुलिस के हवाले किया जाए। विधायक के इस बेबाक और कड़े तेवर वाला वीडियो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, हालांकि इस मामले की आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
