मुजफ्फरपुर: रील बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के नाम पर दिल्ली की इनफ्लुएंसर से होटल में रेप, SSB के ASI पर आरोप
सोशल मीडिया पर रील बनाकर इनफ्लुएंसर बनने की चाहत आज कई युवाओं के लिए भारी पड़ रही है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां दिल्ली की एक महिला इनफ्लुएंसर के साथ होटल में दुष्कर्म करने का मामला तूल पकड़ गया है। इस घटना में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक एएसआई (ASI) और उनके साथी पर गंभीर आरोप लगे हैं।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी पहचान
पीड़ित महिला ने खुलासा किया कि मुजफ्फरपुर में तैनात एसएसबी के एएसआई विकास कुमार और उनके साथी राजीव राय से उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोपी राजीव राय ने उसके रील्स को सोशल मीडिया पर वायरल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा दिया और उसे 7 सितंबर 2025 को मुजफ्फरपुर बुलाया। महिला अपने 2 साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां उसे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहराया गया।
बच्चे की हत्या और वीडियो वायरल करने की धमकी
पीडिता का आरोप है कि होटल में राजीव राय ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे एसएसबी के एएसआई विकास कुमार के साथ भी अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके 2 साल के मासूम बच्चे की हत्या करने की धमकी दी।
किसी तरह जान बचाकर दिल्ली लौटी पीड़िता को आरोपी लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 20,000 रुपये भी ऐंठ लिए। परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद एसएसबी मुख्यालय में इसकी शिकायत दी गई।
बयान बदलने के लिए मिल रही धमकी
जब पीड़िता ने एसएसबी मुख्यालय में मामले की शिकायत की, तो अब आरोपी विकास कुमार और राजीव राय उस पर बयान बदलने और केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। महिला ने मुजफ्फरपुर पुलिस को नया आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को आवेदन मिल गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
