अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक: बोले- ‘सपा सरकार बनने पर खत्म होगी आउटसोर्सिंग व्यवस्था, युवाओं को मिलेगी पक्की नौकरी’
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा सियासी दांव चला है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने घोषणा की कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ‘आउटसोर्सिंग व्यवस्था’ को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा और सभी योग्य युवाओं को नियमित व स्थायी नौकरियां दी जाएंगी।
सरकार के अंत समय में हो रही घोषणाओं पर तंज
सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में आंगनबाड़ी और अन्य संविदा कर्मियों के मानदेय बढ़ाने की सिर्फ दिखावटी घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन लुभावने वादों में आने वाली नहीं है और चुनाव की तारीख घोषित होते ही जनता अपना फैसला सुना देगी। अखिलेश ने दावा किया कि यह ऐसा चुनाव होगा जिसकी घोषणा होते ही भाजपा अपनी हार स्वीकार कर लेगी।
फर्जी एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर सवाल
अखिलेश यादव ने प्रदेश में हुए कथित फर्जी एनकाउंटर मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने ऐलान किया कि सत्ता में आने पर इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इसके अलावा, बुलंदशहर में सपा के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी पार्टियों की राजनीतिक गतिविधियों से घबराई हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे बसपा नेता आकाश आनंद को समाजवादी पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “आप लाओगे तो जरूर ले लूंगा,” जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।
