छत्तीसगढ़ NIPUN मिशन: 100 टेक लैब, 500 करोड़ का बजट, AI और ब्लॉकचेन सीखेंगे युवा
छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने राज्य के युवाओं को पारंपरिक किताबी ज्ञान से निकालकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों के युग में ले जाने के लिए 500 करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है।
NIPUN मिशन से संवरेगा युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘चीफ मिनिस्टर स्टार्टअप एंड न्यू-एज इंडस्ट्री प्रिपेयर्डनेस थ्रू अप-स्किलिंग ऑफ न्यू जनरेशन यूथ (NIPUN)’ मिशन को अगले पांच साल के लिए हरी झंडी दिखाई गई है। इस मिशन का मकसद केवल डिग्रियां बांटना नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य की इंडस्ट्री के हिसाब से तैयार करना है। कैबिनेट ने इसी बैठक में ‘छत्तीसगढ़ एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2026-30’ को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की है।
मिशन की प्रमुख विशेषताएं और पहल
-
100 आधुनिक टेक लैब्स: पूरे राज्य में 100 नई टेक्नोलॉजी लैब स्थापित की जाएंगी। यहां युवा थ्योरी पढ़ने के बजाय खुद प्रयोग करके तकनीकी समाधान तैयार करना सीखेंगे।
-
33 जिलों में उद्यमिता केंद्र: छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में ‘एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर्स’ (उद्यमिता विकास केंद्र) खोले जाएंगे।
-
आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण: इन लैब्स में युवाओं को AI, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), बिग डेटा एनालिटिक्स, AR/VR, ब्लॉकचेन और फिनटेक जैसे आधुनिक विषयों पर हैंड्स-ऑन अनुभव मिलेगा।
-
‘जॉब इंजन’ से मिलेगी नौकरी: कंपनियों की वास्तविक मांग के अनुसार स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करने के लिए एक विशेष ‘जॉब इंजन’ विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ट्रेनिंग पूरी होते ही युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ना है।
स्टार्टअप और रोजगार का मजबूत इकोसिस्टम
NIPUN मिशन के तहत ट्रेनिंग, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप्स को एक ही इकोसिस्टम में पिरोने की तैयारी है। राज्य की भौगोलिक और आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हेल्थ-टेक, एग्री-टेक, ग्रीन टेक्नोलॉजी और माइनिंग-टेक जैसे सेक्टर्स में नए बिजनेस आइडियाज को विशेष बढ़ावा दिया जाएगा। इससे युवाओं के सामने न सिर्फ मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी करने का रास्ता खुलेगा, बल्कि वे खुद का स्टार्टअप शुरू कर दूसरों को रोजगार देने में भी सक्षम बनेंगे।
