September 15, 2026

सोनभद्र: आमडीह में पुराने चबूतरे को तोड़कर सांस्कृतिक मंच बनाने पर बवाल

WhatsApp Image 2026-09-10 at 10.43.02 AM

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के नगवां विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत आमडीह में विकास कार्यों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विधायक निधि से स्वीकृत सांस्कृतिक मंच के निर्माण में ठेकेदार की मनमानी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया और निर्माण कार्य को पूरी तरह से बंद करा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहा है।

पुराने चबूतरे को तोड़ने पर भड़के ग्रामीण

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में जिस स्थान पर नया सांस्कृतिक मंच बनाया जा रहा है, वहां वर्ष 2018 में नगवां क्षेत्र पंचायत निधि से एक पक्के चबूतरे का निर्माण कराया गया था। यह चबूतरा आज भी मजबूत स्थिति में है और गांव के सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम यहीं आयोजित होते हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार से अनुरोध किया था कि नया मंच पुराने चबूतरे के ठीक बगल में पड़ी खाली जमीन पर बनाया जाए, ताकि पुराने निर्माण को नुकसान न पहुंचे और सरकारी पैसे का सही उपयोग हो सके।

ठेकेदार की धमकी- ‘जहां शिकायत करनी है कर दो’

आरोप है कि ठेकेदार ने ग्रामीणों की सलाह को दरकिनार करते हुए पुराने चबूतरे को जगह-जगह से तोड़ना शुरू कर दिया और पिलर के लिए खुदाई करवा दी। जब लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया तो ठेकेदार ने धमकी भरे लहजे में कहा, “काम इसी चबूतरे पर होगा, जहां शिकायत करनी है जाकर कर दो।” इस तानाशाही रवैये से नाराज होकर ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी सोनभद्र और खंड विकास अधिकारी (BDO) को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

काम रुकवाने के बाद बीडीओ ने दिए जांच के आदेश

शिकायत के बावजूद जब निर्माण कार्य नहीं रुका, तो गुरुवार को विनोद यादव, लाल बहादुर भारती, वेद प्रकाश, ओम प्रकाश पटेल, सतीश पासवान और रोशन त्रिपाठी सहित दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए काम को पूरी तरह से रोक दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक निर्माण स्थल नहीं बदला जाता, काम नहीं होने दिया जाएगा।

इस पूरे मामले पर नगवां के खंड विकास अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। तथ्यों की जांच के लिए अवर अभियंता (JE) बृजेश कुमार को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।