राम मंदिर के पहले CEO बने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया, बोले- ‘भगवान राम का आशीर्वाद’
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में नियुक्त किए जाने के बाद भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। ट्रस्ट द्वारा इस अहम जिम्मेदारी के ऐलान के बाद उन्होंने चयन समिति का आभार जताते हुए इसे भगवान राम का आशीर्वाद करार दिया है।
‘वायुसेना के बाद अब प्रभु राम की सेवा का मौका’ अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “पहले तो मैं चयन समिति का बहुत ही हार्दिक रूप से धन्यवाद करना चाहूंगा और इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि उन्होंने इतने सारे उम्मीदवारों में से मेरा चयन किया।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं इसे भगवान राम का आशीर्वाद मानता हूं कि वायुसेना में 43 वर्षों की राष्ट्र सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का अवसर दिया है।” उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह भगवान से बल और सामर्थ्य की कामना करते हैं ताकि वे इस बड़ी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और अच्छे ढंग से निभा सकें।
‘बीते समय को भूलकर आगे की बेहतर व्यवस्था पर फोकस’ चयन प्रक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चयन समिति की पूरी प्रक्रिया और टाइमलाइन मीडिया व इंटरनेट पर पहले ही आ चुकी है, जिसके बारे में समिति ही विस्तार से बता सकती है।
राम मंदिर में चढ़ावे और प्रबंधन से जुड़े पुराने विवादों या मामलों पर सीधी बात करने के बजाय उन्होंने भविष्य की प्राथमिकताओं पर जोर दिया। जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “मैं बीते समय की बात करने के बजाय आने वाले समय की बात ज्यादा करना चाहूंगा। आप बीते समय को भूल जाएं और आने वाले समय में हम प्रभु राम की कृपा से बहुत बढ़िया तरीके से इस काम को पूरा कर पाएंगे।”
जल्द कार्यभार संभालकर बनाएंगे आगे की कार्ययोजना अपने आगामी प्लान के बारे में बात करते हुए नए CEO ने कहा कि उनकी नियुक्ति अभी हाल ही में हुई है, इसलिए फिलहाल भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यभार संभालने के बाद वे ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों और अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर राम मंदिर और वहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरसंभव उत्तम कार्य करने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
