September 16, 2026

मंदिर में मोबाइल संभालकर! 52 मंदिरों में कैमरा फोन बैन, ₹5 में जमा होगा

Janmashtami Festival In India

Devotees offer prayers to the Hindu deity Lord Krishna on the occasion of the Janmashtami festival at the International Society for Krishna Consciousness (ISKCON) temple in Guwahati, India, on August 26, 2024. (Photo by David Talukdar/NurPhoto via Getty Images)

विजय सरकार ने राज्य के 52 प्रमुख मंदिरों में स्मार्टफोन ले जाने और उनके इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। मंगलवार से यह नया नियम लागू हो गया है। अब मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अपने स्मार्टफोन निर्धारित काउंटरों पर जमा कराने होंगे। इसके लिए प्रति फोन 5 रुपये का शुल्क देना होगा। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिना कैमरे वाले साधारण (कीपैड) मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति होगी।

क्यों लगाया गया यह प्रतिबंध?

यह पाबंदी राज्य के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) मंत्री रमेश द्वारा मद्रास हाई कोर्ट के पूर्व निर्देशों के अनुपालन में लगाई गई है। हाल के दिनों में यह देखा जा रहा था कि युवा और अन्य श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हुए तस्वीरें ले रहे थे, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे और रील्स बना रहे थे। इससे मंदिर की पवित्रता और शांति भंग होने की चिंताएं बढ़ गई थीं, जिसके बाद सरकार ने यह सख्त कदम उठाया।

कैसे काम करेगा फोन जमा करने का सिस्टम?

मंत्री रमेश ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था के तहत मंदिर के प्रवेश द्वारों पर विशेष फोन डिपॉजिट काउंटर बनाए गए हैं।

  • स्मार्टफोन जमा करने पर श्रद्धालुओं को एक एक्नॉलेजमेंट स्लिप (रसीद) या प्लास्टिक टोकन दिया जाएगा।

  • दर्शन के बाद लौटते समय यह स्लिप दिखाकर फोन वापस लिया जा सकेगा।

मंगलवार सुबह 6 बजे से कांचीपुरम के मशहूर देवराजस्वामी-अथी वरदार मंदिर में यह सिस्टम लागू कर दिया गया है।

  • यहां फोन जमा करने के लिए दो कंप्यूटर ऑपरेटर और दो असिस्टेंट तैनात किए गए हैं।

  • जमा करते समय भक्त की फोटो, मोबाइल फोन का मॉडल और फोन नंबर सिस्टम में रजिस्टर किया जाता है।

  • वापसी के समय स्लिप दिखाने और जानकारी वेरिफाई होने के बाद ही फोन लौटाया जाता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पार्किंग एरिया और अन्य प्रमुख स्थानों पर कई भाषाओं में नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्मार्टफोन ले जाने पर लगी रोक की जानकारी दी गई है।

श्रद्धालुओं की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

मंदिरों में स्मार्टफोन पर पाबंदी के इस फैसले को लेकर श्रद्धालुओं में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

  • एक ओर जहां कई लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे मंदिरों की पवित्रता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में मदद मिलेगी।

  • वहीं, दूसरी ओर कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन के पास जमा किए जाने वाले महंगे फोनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। इसके अलावा त्योहारों या भीड़भाड़ वाले दिनों में फोन जमा करने और वापस लेने के लिए काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।