‘दुनिया इसके लिए तैयार नहीं…’; बिल गेट्स की AI पर सबसे बड़ी चेतावनी
नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा और इस्तेमाल दुनिया भर में तेजी से बढ़ रहा है। आईटी से लेकर एजुकेशन और मेडिकल सेक्टर तक में इसका बोलबाला है, लेकिन इसके साथ ही नौकरियों पर मंडराते संकट की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अब माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने AI को लेकर एक बड़ी और गंभीर चेतावनी जारी की है। उनके मुताबिक, आने वाले वर्षों में AI इंसानी समाज में जो बदलाव ला सकता है, उसके लिए दुनिया अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।
अपने हालिया ब्लॉग पोस्ट ‘The turbulent AI era is here. The choices we make now are critical’ में गेट्स ने AI के फायदों के साथ-साथ उससे जुड़े बड़े खतरों पर विस्तार से बात की है। उन्होंने इस दौर को मानव इतिहास के सबसे उथल-पुथल भरे दौर में से एक बताया है।
नौकरियों पर सबसे बड़ा संकट, युवाओं के लिए राह होगी मुश्किल
बिल गेट्स के अनुसार, AI से मानवता को होने वाले बड़े खतरों में सबसे पहला और बड़ा खतरा नौकरियों का जाना है।
-
एक दशक के भीतर असर: कानून, कस्टमर सर्विस, मेडिसिन, सॉफ्टवेयर और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में AI इंसानों की जगह तेजी से ले रहा है। यह असर सदियों में नहीं, बल्कि इसी दशक के भीतर साफ दिखाई देगा।
-
एंट्री-लेवल जॉब्स खतरे में: गेट्स ने खास तौर पर उन युवाओं को लेकर चिंता जताई है जो पहली बार नौकरी की तलाश में उतरेंगे। एंट्री और मिड-लेवल नौकरियां सबसे ज्यादा खतरे में हैं। AI के दौर में शुरुआत करना मुश्किल होने से युवाओं को अनुभव हासिल करने और सीखने के कम मौके मिलेंगे।
-
फिजिकल जॉब्स पर रोबोट की एंट्री: इस दशक के अंत तक ‘स्मार्ट’ रोबोट निर्माण और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में शारीरिक श्रम वाले कामों के लिए भी इंसानों से मुकाबला करना शुरू कर देंगे।
बढ़ते साइबर खतरे और डीपफेक का डर
गेट्स की दूसरी बड़ी चिंता यह है कि AI मौजूदा डिजिटल खतरों को कई गुना अधिक ताकतवर बना सकता है। उन्होंने फ्रॉड, डीपफेक, दुष्प्रचार (गलत जानकारी) और अत्याधुनिक साइबर हमलों जैसे खतरों का जिक्र किया है। AI के ज्यादा सक्षम होने से इन अपराधों को रोकना और कठिन हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने आशंका जताई है कि गलत इरादे रखने वाले लोगों या सरकारों के हाथ में भी ये पावरफुल टूल्स लग सकते हैं, जिससे सुरक्षा का बड़ा संकट पैदा हो सकता है।
‘Human Reserved’ का सुझाव और बेहतर प्लानिंग की जरूरत
बिल गेट्स दुनिया से AI की रफ्तार धीमी करने की मांग नहीं कर रहे हैं। वह मानते हैं कि AI से डॉक्टरों, शिक्षकों और कृषि क्षेत्र को बड़े फायदे मिल सकते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि इस बदलाव से निपटने के लिए सरकारों और नीति निर्माताओं को एक ठोस प्लान तैयार करना होगा।
गेट्स ने सुझाव दिया है कि जिन नौकरियों में सहानुभूति और मानवीय जुड़ाव (Empathy and Human Connection) की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उन्हें इंसानों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने “Human Reserved” का विचार सामने रखा है, ताकि तकनीकी क्रांति के बीच इंसानी महत्व और रोजगार सुरक्षित रह सकें।
