गाजियाबाद में मुस्लिम युवती के साथ दिखे युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
गाजियाबाद: इंदिरापुरम इलाके में एक मुस्लिम युवती के साथ नजर आए युवक की कुछ युवकों ने सड़क किनारे घेरकर पिटाई कर दी। घटना का करीब 53 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो में युवकों को युवक से उसकी धार्मिक पहचान और युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल करते और मारपीट करते देखा जा सकता है।
वीडियो इंदिरापुरम के गौर ग्रीन सोसायटी के पास स्थित एक पार्क का बताया जा रहा है। फुटेज में सड़क किनारे सिल्वर रंग की कार खड़ी दिखाई देती है। उसके पास हिजाब पहने एक युवती खड़ी है, जबकि कुछ युवक हरे रंग की टी-शर्ट पहने युवक को घेरे हुए नजर आते हैं। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता है और इस दौरान उसके साथ कई बार मारपीट होती दिखती है।
युवक ने बताया अपना नाम शिवम
वीडियो में युवक अपना नाम शिवम बताता सुनाई देता है। इसके बाद कुछ युवक उससे मुस्लिम युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हैं। बातचीत के दौरान धार्मिक पहचान से जुड़े आपत्तिजनक सवाल भी किए जाते हैं।
वीडियो में एक युवक को यह कहते सुना जा सकता है कि “क्या हिंदू लड़कियां खत्म हो गई हैं?” इसके बाद भी युवक से सवाल-जवाब और मारपीट का सिलसिला चलता रहता है। पूरी घटना के दौरान वहां मौजूद व्यक्ति वीडियो रिकॉर्ड करता दिखाई देता है।
युवती से भी पूछे गए सवाल
मारपीट के दौरान युवती से भी सवाल किए जाते हैं। वीडियो में उससे पूछा जाता है कि वह हिंदू युवक के साथ क्यों घूम रही है और मुस्लिम लड़कों को लेकर भी टिप्पणी की जाती है।
युवती इस दौरान सहमी हुई नजर आती है। वह आरोपियों से माफी मांगती सुनाई देती है और वहां से जाने की बात कहती है। इसके बाद वह मौके से चली जाती है।
वीडियो में सुनाई दे रही बातचीत और दिखाई दे रही घटना को लेकर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पूरा घटनाक्रम किस परिस्थितियों में हुआ और इसमें शामिल लोग कौन थे।
कार के नंबर से आरोपियों की पहचान की कोशिश
वीडियो वायरल होने के बाद इंदिरापुरम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। ACP इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, शुरुआती जांच में वीडियो को इंदिरापुरम इलाके के एक पार्क से जुड़ा पाया गया है।
पुलिस वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
