ग्राइंडर से काटा प्राइवेट पार्ट, फिर छत से लगाई छलांग… प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की मौत में उलझी पुलिस
वृंदावन (Vrindavan) के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है। घटनाक्रम जितना खौफनाक है, पुलिस की जांच में उतने ही नए और हैरान करने वाले सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस (UP Police) इस पूरे मामले की जांच हर संभावित एंगल से कर रही है। घटना की सच्चाई जानने के लिए आश्रम से मिले CCTV फुटेज और मृतक के ब्लड सैंपल (Blood Sample) को फोरेंसिक जांच (Forensic Lab) के लिए भेजा जा रहा है।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक घटनाक्रम
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आश्रम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में रसिक दुलारी शरण अपने कक्ष से निकलता हुआ दिखाई देता है। फुटेज में उसने एक धोती लपेटी हुई है, जिस पर खून लगा नजर आ रहा है। वहीं, उसने दूसरी धोती आगे की ओर कर रखी है, जिससे शरीर का अगला हिस्सा दिखाई न दे।
फुटेज में वह पैर चौड़ाकर सीढ़ियों की ओर जाता हुआ और फिर छत पर पहुंचता हुआ दिखाई देता है। छत के कैमरों में वह कुछ देर के लिए बाउंड्री पर बैठा नजर आता है। सबसे हैरानी की बात यह है कि फुटेज में उसके चेहरे पर दर्द या तड़प के कोई भाव नहीं दिख रहे हैं। कुछ देर बाद वह अचानक तेजी से उठता है और छत की बाउंड्री से नीचे छलांग लगा देता है। बताया जा रहा है कि जब वह नीचे गिरा, तो वहां से एक साइकिल सवार गुजर रहा था। अगर एक सेकंड की भी देरी होती, तो वह सीधे उस साइकिल सवार के ऊपर गिर सकता था।
‘इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से अपना प्राइवेट पार्ट कैसे काट सकता है कोई?’
इस पूरी घटना में सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि कोई भी सामान्य व्यक्ति इलेक्ट्रिक ग्राइंडर (Electric Grinder) जैसी मशीन से अपना प्राइवेट पार्ट कैसे काट सकता है? मथुरा के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. भूदेव ने भी इस स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
डॉ. भूदेव के मुताबिक, मेडिकल साइंस के नजरिए से यह समझ से परे है कि कोई व्यक्ति ग्राइंडर से अपना प्राइवेट पार्ट काटे और उसके बाद भी उसके चीखने, चिल्लाने या तड़पने के कोई भाव नजर न आएं। काटने के बाद छटपटाहट न होना इस पूरी घटना को और अधिक संदिग्ध बनाता है।
क्या ड्रग्स के प्रभाव में था मृतक?
घटना के समय मृतक के हावभाव और दर्द का अहसास न होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रसिक दुलारी शरण का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं घटना के वक्त वह किसी तरह के ड्रग्स (Drugs) या नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं था। पुलिस का मानना है कि ब्लड रिपोर्ट आने के बाद इस मौत का बड़ा राज खुल सकता है।
CCTV फुटेज की भी होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस ने आश्रम से सभी CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। अब इन फुटेज की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो के साथ किसी तरह की कांट-छांट या छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि प्राइवेट पार्ट काटने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे की असली वजह क्या है। फोरेंसिक और ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही इस हाई-प्रोफाइल आश्रम की मौत के रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।
