‘सपा जॉइन कर ली क्या?’ रवि किशन के सवाल पर पार्षद का पलटवार- ‘आप बसपा जॉइन कर लिए क्या?’
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश अचानक तेज हुई, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। सड़कें तालाब बन गईं और गलियों, घरों व दुकानों में पानी भरने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
इसी बदहाली को लेकर बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) को फोन किया था। मकसद तो शहर में जलभराव की समस्या बताना था, लेकिन बातचीत जलनिकासी से शुरू होकर तीखे राजनीतिक तंज तक पहुंच गई। फोन पर हुई इस गरमागरम बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
‘सपा जॉइन कई लिहला का?’
जलभराव और जलनिकासी (Drainage) की समस्या को लेकर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच फोन पर बात हो रही थी। इसी दौरान रवि किशन ने पार्षद से अचानक पूछ लिया— ‘सपा जॉइन कई लिहला का?’ (क्या तुमने सपा जॉइन कर ली है?)
सांसद के इस सवाल पर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने पलटवार करते हुए पूछा, ‘सांसद जी, पार्टी की बात क्यों की जा रही है? क्या आपने बसपा (BSP) जॉइन कर ली है?’
जिस फोन कॉल पर बारिश और शहर की बदहाली पर बात होनी थी, उसमें सपा और बसपा का जिक्र आते ही दोनों तरफ से राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।
विश्वजीत की पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि
पार्षद और सांसद के बीच ‘सपा’ का नाम आने के पीछे विश्वजीत त्रिपाठी की पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि है। विश्वजीत त्रिपाठी पहले समाजवादी पार्टी (SP) के टिकट पर ही पार्षद का चुनाव जीते थे, लेकिन बाद में उन्होंने बीजेपी (BJP) जॉइन कर ली थी। यही वजह थी कि जलभराव की शिकायत करने पर रवि किशन ने उन पर सपा से जुड़ा तंज कसा।
रामगढ़ताल की लोकेशन पर भी विवाद
वायरल वीडियो (Viral Video) के अलावा विश्वजीत त्रिपाठी का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पार्षद रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। पार्षद का दावा है कि फोन पर बातचीत के दौरान रवि किशन अपनी लोकेशन रामगढ़ताल ही बता रहे थे। विश्वजीत वीडियो में सवाल उठाते हैं कि अगर सांसद जी यहीं मौजूद हैं, तो वे दिखाई क्यों नहीं दे रहे?
रवि किशन ने लिया जलभराव का जायजा
विवाद और वायरल ऑडियो के बीच, सांसद रवि किशन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गोरखपुर में जलभराव की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 48 घंटों से लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और गड्ढों (Potholes) की समस्या बनी हुई है। नगर निगम की टीमें मौके पर काम कर रही हैं और प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की मरम्मत की जा रही है।
रवि किशन ने महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के साथ तारामंडल स्थित गोरक्ष एन्क्लेव के पास जलभराव का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और नगर निगम की टीम को जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
गोरखपुर में बारिश से जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों के बीच हुई इस फोन कॉल ने एक अलग ही राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है। जनता जलभराव से परेशान है और नेताओं की बातचीत में जलनिकासी के मुद्दे पर सपा और बसपा का जिक्र ज्यादा हावी नजर आ रहा है।
